यूपीः झगड़े को लेकर डांटे जाने के बाद छात्र ने प्रिंसिपल को तीन बार मारी गोली, देखें वीडियो
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Published: September 25, 2022 08:16 AM2022-09-25T08:16:04+5:302022-09-25T16:17:18+5:30
सीतापुर के पुलिस अधीक्षक एन पी सिंह ने बताया कि आरोपी की पहचान गुरिंदर सिंह के रूप में हुई है, जिसका एक दिन पहले ही एक अन्य छात्र के साथ झगड़ा हुआ था।
सीतापुरः यूपी केसीतापुर जिले के एक स्कूल में प्राचार्य द्वारा डांटे जाने से नाराज होकर 12वीं कक्षा के एक छात्र ने शनिवार को उन पर गोली चला दी जिससे वह घायल हो गये। उन्हें उपचार के लिये लखनऊ भेजा गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है।
घटना सीतापुर जिले की बिसवां तहसील के सदरपुर थाना क्षेत्र के आदर्श रामस्वरूप इंटर कॉलेज (एक निजी स्कूल) की है। पुलिस ने बताया कि स्कूल के प्राचार्य को दो गोलियां लगी है, जिसमें वह बुरी तरह से घायल हो गए हैं और उन्हें इलाज के लिए सीतापुर से लखनऊ भेजा गया है। उन्होंने बताया कि पूरा मामला सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई।
सीतापुर के पुलिस अधीक्षक एन पी सिंह ने बताया कि आरोपी की पहचान गुरिंदर सिंह के रूप में हुई है, जिसका एक दिन पहले ही एक अन्य छात्र के साथ झगड़ा हुआ था। उन्होंने बताया कि बाद में इस बात को लेकर स्कूल के प्राचार्य राम सिंह वर्मा ने उसे डांटा था। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गुरिंदर प्राचार्य से नाराज था, इसलिए उसने उन्हें गोली मार दी। गोली मारने के बाद आरोपी छात्र फरार हो गया वहीं प्राचार्य को घायल अवस्था में सीतापुर से लखनऊ भेजा गया है।
भाषा इनपुट के साथ