Siwan Crime News: गेहूं काटकर घर लौट थे परिवार के लोग, ट्रेन से कटकर दो बच्चे और दो महिलाएं की मौत, परिजनों में कोहराम और चारों ओर चीख-पुकार
By एस पी सिन्हा | Published: April 9, 2024 03:00 PM2024-04-09T15:00:21+5:302024-04-09T15:01:31+5:30
Siwan Crime News: घटना के बाद मैरवा डीएसपी अजीत सिंह और रेल पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गए।
Siwan Crime News: बिहार में सीवान जिले में ट्रेन से कटकर चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना सीवान-गोरखपुर रेलखंड पर मैरवा स्टेशन के नजदीक लक्ष्मीपुर के पास घटी। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। मृतकों में दो बच्चे और दो महिलाएं शामिल हैं। सभी गेहूं काटकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान रेल पटरी के किनारे चल रहे बच्चे ट्रेन की चपेट में आने लगे। बच्चों को बचाने के क्रम में महिलाएं भी ट्रेन की चपेट में आ गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार सभी एक ही गांव के बताए जा रहे हैं। पुलिस मौके पर पहुंच गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंच गए हैं।
एक साथ चार लोगों की मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है। दो महिलाएं अपने बच्चों के साथ खेत में गेहूं काटने के लिए गई थी। गेहूं काटने के बाद दोनों महिलाएं बच्चों के साथ खाना खाने के लिए घर लौट रही थी तभी दोनों बच्चे वहां से गुजर रही ट्रेन की चपेट में आ गए। दोनों महिलाओं ने अपने बच्चों को बचाने की कोशिश की, जिसके बाद वे दोनों भी ट्रेन की चपेट में आ गईं।
इससे दोनों महिला और दो बच्चों की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। चारों मृतक लक्ष्मीपुर गांव के ही रहने वाले बताए जा रहे हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। उधर, घटना के बाद मैरवा डीएसपी अजीत सिंह और रेल पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गए। रेल पुलिस ने चारों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।