छोटा शकील के गुर्गे रियाज भाटी के खिलाफ मुंबई पुलिस ने दर्ज किया केस, जेल से गवाह को धमकाने का है आरोप, जाने पूरा मामला
By आशीष कुमार पाण्डेय | Published: November 20, 2023 09:37 AM2023-11-20T09:37:51+5:302023-11-20T09:43:00+5:30
मुंबई पुलिस ने भगोड़े अंडरवर्ल्ड अपराधी छोटा शकील के गुर्गे रियाज भाटी के खिलाफ जेल से गवाह को धमकाने के आरोप में केस दर्ज किया है।

फाइल फोटो
मुंबई: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई से अपराध की एक सनसनीखेज खबर सामने आ रही है। जी हां, भगोड़े अंडरवर्ल्ड अपराधी छोटा शकील के गुर्गे रियाज भाटी ने जेल में रहते हुए अपने खिलाफ गवाही देने वाले एक शख्स को धमकी दी है।
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक मुंबई पुलिस ने छोटा शकील के चेले रियाज भाटी के खिलाफ जेल से जबरन वसूली मामले में एक गवाह को धमकी देने के आरोप में केस दर्ज किया है।
जानकारी के मुताबिक शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि रियाज भाटी और उसके करीबी सहयोगी उसे जून 2022 से 4 नवंबर 2023 तक धमकी देते रहे कि गवाही देने के लिए अदालत में न जाए और अगर अदालत जाए भी तो रियाज भाटी के पक्ष में गवाही दे,नहीं तो उसे जान से मार दिया जाएगा।
मामले में शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि रियाज भाटी के गुर्गों ने गवाही देने के बदले उसे जान से मारने की धमकी दी है।
मुंबई की खार पुलिस स्टेशन में शिकायतकर्ता के इस आरोप के आधार पर जेल में बंद रियाज भाटी और उसके करीबी रिश्तेदारों के खिलाफ आईपीसी की धारा 195 (ए), 506 (2) और 34 (झूठे सबूत गढ़ना, आपराधिक धमकी, सामान्य इरादे से आपराधिक आचरण) के तहत मामला दर्ज किया गया है और जांच शुरू कर दी गई है।
मालूम हो कि माफिया रियाज़ भाटी मुंबई में अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद अब्राहिम का नजदीकी सहयोगी है। मुंबई के गोरेगांव पुलिस स्टेशन में दर्ज जबरन वसूली के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच की एंटी एक्सटॉर्शन सेल ने उसे अंधेरी इलाके से गिरफ्तार किया था।
रियाज भाटी का नाम जबरन वसूली मामले में मुंबई के पूर्व पुलिस आयुक्त परम बीर सिंह के खिलाफ दर्ज एफआईआर में उसका भी नाम है। मामले में पुलिस ने उस वक्त कहा था, "रियाज़ भाटी का नाम भी उसी एफआईआर में दर्ज है, जो परम बीर सिंह के खिलाफ जबरन वसूली के मामले में दर्ज किया गया है।"
पुलिस ने आरोप लगाया कि रियाज भाटी बार और रेस्तरां मालिकों से पैसे इकट्ठा करता था और उन पैसों को निलंबित मुंबई पुलिस अधिकारी सचिन वाजे को भेजता था।
इससे पहले रियाज भाटी की अलग पत्नी रहनुमा भाटी ने भी मुंबई के सांताक्रूज पुलिस स्टेशन में अपने पति रियाज भाटी पर बलात्कार और छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई थी।