कर्नाटक: मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के कार्यक्रम में ड्यूटी पर तैनात की गई महिला सिपाही को पूर्व सैनिक ने छेड़ा, जानिए पूरा मामला
By आशीष कुमार पाण्डेय | Updated: August 2, 2023 08:24 IST2023-08-02T08:21:58+5:302023-08-02T08:24:45+5:30
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के कार्यक्रम में ड्यूटी पर तैनात की गई महिला पुलिस सिपाही के साथ एक पूर्व सैनिक ने रेप के इरादे से छेड़छाड़ की लेकिन वो वारदात को अंजाम देने में असफल रहा।

कर्नाटक: मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के कार्यक्रम में ड्यूटी पर तैनात की गई महिला सिपाही को पूर्व सैनिक ने छेड़ा, जानिए पूरा मामला
मैसूर: कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के कार्यक्रम में ड्यूटी पर तैनात की गई महिला पुलिस सिपाही के साथ एक पूर्व सैनिक ने रेप के इरादे से छेड़छाड़ की लेकिन वो वारदात को अंजाम देने में असफल रहा। जानकारी के अनुसार पीड़िता महिला सिपाही मैसूर की कोनाजे पुलिस स्टेशन में तैनात थी। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने बीते मंगलवार को आरोपी पूर्व सैनिक को मंगलुरु शहर से गिरफ्तार कर लिया है।
समाचार वेबसाइट हिंदुस्तान टाइम्स के अनुसार महिला सिपाही की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर पुलिस अधिकारी ने बताया कि कोनाजे पुलिस स्टेशन की महिला पुलिसकर्मी को मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के कार्यक्रम के कारण उल्लाल पुलिस स्टेशन में ड्यूटी पर लगाया गया था। महिला सिपाही सुबह में करीब 9 बजे उल्लाल पुलिस स्टेशन की ओर जा रही थी, तभी 48 साल के आरोपी प्रशांत ने महिला कांस्टेबल का स्कूटर रोका।
इसके बाद सेना के पूर्व सिपाही आरोपी ने महिला सिपाही के साथ गलत इरादे से अभद्र व्यवहार किया। जब कांस्टेबल ने छेड़छाड़ का विरोध किया तो उसने उसे धमकाने की कोशिश की। अधिकारियों ने बताया कि जब उसने शोर मचाया तो स्थानीय निवासी उसे बचाने आए और आरोपी की पिटाई कर दी।
खबरों के अनुसार स्थानीय निवासियों ने भी आरोप पूर्व सैनिक के खिलाफ उल्लाला पुलिस स्टेशन में कई शिकायतें दर्ज कराई हैं और पुलिस उन मामलों की भी जांच कर रही है। रिटायर फौजी के खिलाफ कई लोगों ने पहले भी पड़ोसियों और अन्य लोगों को परेशान करने का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया है।
महिला सिपाही के साथ छेड़छाड़ के संबंध में एसीपी धन्या नायक ने कहा, “हमने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और आईपीसी की धारा 353 (लोक सेवक को ड्यूटी करने से रोकने के लिए आपराधिक बल), 354 (महिला का अपमान करना), 504 (जानबूझकर अपमान करना) और 506 (जान से मारने की धमकी देना) के तहत मामला दर्ज किया है।”
उन्होंने कहा, “स्थानीय निवासियों ने भी उसकी शिकायत की है कि वह आमतौर पर भी महिलाओं और पड़ोसियों के साथ दुर्व्यवहार करता है। उल्लाला पुलिस स्टेशन में दो मामलों की जांच चल रही थी। आरोपी को गिरफ्तार करके जेएमएफसी अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।