Indore: गुंडे-बदमाशों को पकड़ने के लिए चलाए जा रहे पुलिस अभियान के बीच एक 23 वर्षीय युवक की रहस्यमयी मौत ने सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोप है कि रात के गश्त में पुलिसकर्मी ने उसे थप्पड़ मारा, जिससे घबराकर वह पांचवीं मंजिल से कूद गया। युवक का शव जिला अस्पताल में पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।मृतक राज (23), पुत्र मनोज, ताप्ती परिसर, चंदन नगर, थाना क्षेत्र का निवासी था।
परिजनों के मुताबिक, राज पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में था और उसे सांस लेने में तकलीफ भी रहती थी। बुधवार रात करीब तीन बजे घर में घबराहट महसूस होने पर वह नीचे उतरकर मोहल्ले में टहलने लगा। पहले कॉलोनी गार्ड ने उसे टोका, फिर गुंडा पकड़ अभियान में गश्त कर रही पुलिस की गाड़ी वहां पहुंच गई।
परिजनों का आरोप है कि पूछताछ के दौरान राज ने पुलिस को अपनी पूरी जानकारी दी, लेकिन गश्ती दल के एक पुलिसकर्मी ने गुस्से में उसे थप्पड़ जड़ दिया और घर भेज दिया। घर लौटे राज बेहद डरे हुए थे। वह बार-बार कह रहे थे, "पुलिस मुझे बंद तो नहीं कर देगी?" कुछ ही देर बाद उन्होंने पांचवीं मंजिल से छलांग लगा ली।
सुबह शव मिलने पर हड़कंप मच गया।परिजनों ने अस्पताल पहुंचकर पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, "राज निर्दोष था, सिर्फ सांस की दिक्कत के कारण घूम रहा था। थप्पड़ ने उसे तोड़ दिया।"
पुलिस ने गुंडे-बदमाशों के खिलाफ अभियान तेज किया है, लेकिन इस घटना ने गश्त की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। थाना प्रभारी ने कहा कि जांच चल रही है, दोषी पाए जाने पर कार्रवाई होगी। फिलहाल मामला आत्महत्या का दर्ज किया गया है।