पटनाः बिहार में गैलेंट्री अवॉर्ड से सम्मानित और किशनगंज के एसडीपीओ गौतम कुमार ने अपनी आमदनी से करीब 61 फीसदी ज्यादा संपत्ति खड़ी कर ली। आर्थिक अपराध इकाई(ईओयू) के द्वारा की गई छापेमारी में उनके कई राज खुलकर सामने आए हैं। ईओयू ने डीएसपी की काली कमाई का चिट्ठा खोल दिया है। ऐसे में किशनगंज के एसडीपीओ अब ‘जांच के घेरे’ में हैं।
ईओयू की तफ्तीश में सामने आया है कि दरोगा से प्रमोट होकर डीएसपी बने गौतम कुमार ने सेवा काल में 80 करोड़ की संपत्ति बनाई है। यह संपत्ति पत्नी-सास और महिला मित्र शगुफ्ता शमीम के नाम पर अर्जित की है। जांच एजेंसी के खुलासे से हड़कंप मच गया है। ईओयू भ्रष्ट एसडीपीओ गौतम कुमार से पूछताछ करेगी।
इस संबंध में ईओयू ने नोटिस जारी कर गौतम कुमार को हाजिर होने को कहा है। यह पूछताछ सोमवार 6 अप्रैल को ईओयू मुख्यालय पटना में की जायेगी। ईओयू के एसपी किशनगंज के एसडीपीओ गौतम कुमार से पूछताछ करेंगे। बताया जाता है कि छापेमारी के दौरान एसडीपीओ गौतम कुमार ने जांच अधिकारियों को धमका कर जांच बाधित करने की भी कोशिश की थी।
हालांकि सख्ती के बाद डीएसपी के होश ठिकाने आ गए। अब मुख्यालय में गौतम कुमार से पूछताछ होगी, आपने इतनी संपत्ति कहां से अर्जित की..स्रोत क्या है ? महिला मित्र शगुफ्ता शमीम के खाते में इतनी राशि कहां से भेजी, भेजने का उद्देश्य क्या था? नकद राशि कहां से लाई? ऐसे दर्जनों सवालों का सामना धनकुबेर डीएसपी को करना पड़ेगा।
बता दें कि ईओयू ने 31 मार्च को किशनगंज में पदस्थापित अनुमंडल पुलिस प्राधिकारी गौतम कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में पूर्णिया, किशनगंज,पटना के ठिकानों पर छापेमारी की थी। ईओयू ने जो केस दर्ज किया है उसमें अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गौतम कुमार को अभियुक्त, पत्नी रूबी कश्यप, सास पूनम देवी एवं डीएसपी की महिला मित्र शगुफ्ता शमीम को सह अभियुक्त बनाया है। जांच में जानकारी लगी है की, डीएसपी ने महिला मित्र शगुफ्ता शमीम को धनवान बना दिया।
महिला मित्र शगुफ्ता शमीम के घर की तलाशी में उनके नाम पर खरीदे गए सात जमीन के कागजात, स्वर्ण आभूषण जिसका मूल्य लगभग 60 लाख है, बरामद किया गया है। शगुफ्ता शमीम के घर से डीएसपी गौतम कुमार द्वारा खरीदे गए स्वर्ण आभूषण की कई रसीद बरामद हुई है। इनके बैंक खाते में डीएसपी गौतम कुमार द्वारा नगद राशि जमा करने, ऑनलाइन रकम ट्रांसफर के साक्ष्य मिले हैं।
सरकारी आवास में तलाशी के दौरान 1 लाख 37000 रू नगद मिले हैं। साथ ही निवेश से संबंधित कागजात बरामद हुए हैं। पटना स्थित पैतृक मकान में तलाशी की कार्रवाई में चार भूखंड के दस्तावेज मिले हैं। डीएसपी गौतम कुमार के द्वारा सिलीगुड़ी में चाय बागान में निवेश, नोएडा-गुड़गांव में संपत्ति अर्जन के संबंध में जानकारी मिली है। जिस पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय कोयला, शराब, इंट्री, लॉटरी माफियाओं एवं सुपारी तस्करों से मधुर संबंध होने की जानकारी मिली है। जिस पर आगे की जांच की जायेगी। ईओयू को यह भी सुराग मिला है कि गौतम कुमार पटना में एक नर्सिंग होम खोलने की तैयारी कर रहे थे। उनकी ससुराल में छापेमारी के दौरान पत्नी रूबी कश्यप के पास से सोने के गहने और निवेश के कागजात बरामद हुए, जिनकी कीमत का आकलन जारी है।
उल्लेखनीय है कि 1994 बैच के दारोगा से प्रमोशन पाकर डीएसपी बने गौतम कुमार अपनी सेवा काल में पूर्णिया, अररिया, किशनगंज में अधिकांश समय तक पदस्थापित रहे हैं। फिलहाल, आर्थिक अपराध इकाई इस पूरे संपत्ति साम्राज्य की गहराई से जांच कर रही है। आने वाले दिनों में इस हाई-प्रोफाइल केस में और भी बड़े ‘खुलासे’ होने के संकेत हैं।