ससुरालवालों ने दहेज के लिए बहू की जुबान काटकर लगाई आग, गड्ढा खोदकर शव दफनाया
By एस पी सिन्हा | Updated: February 22, 2021 15:35 IST2021-02-22T15:34:21+5:302021-02-22T15:35:56+5:30
बिहार में बगहा जिले के चौतरवा थाना के पहाड़ी मझाउवा गांव में यह घटना हुई। मायके वाले ने पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

मृतिका के परिजनों को इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने घटना की सूचना पुलिस को दी। (प्रतीकात्मक तस्वीर)
पटनाः बिहार के बगहा से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यह घटना जिले के चौतरवा थाना के पहाड़ी मझाउवा गांव की है, जहां दहेज लोभियों ने विवाहिता की निर्मम हत्या कर दी और फिर उसके शव को भी दफन कर दिया।
घटना के बाद से ससुराल वाले फरार हो गए हैं। इधर, जब मृतिका के परिजनों को इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पाकर चौतरवा पुलिस पहुंची और महिला का शव बरामद किया।
लौकरिया थाना क्षेत्र के बीटी टोला निवासी इम्तियाज अहमद ने अपनी बेटी नूरी खातून की शादी पहाड़ी मझाउवा गांव निवासी अफसर मियां के बेटे सुकून मियां से 2017 में की थी, लेकिन दहेज के लालच में ससुराल वालों ने उसकी हत्या कर दी।
मृतिका को दो साल का एक बेटा भी है, इस घटना के संबंध में परिजनों ने बताया कि दहेज लोभी ससुराल वाले नूरी को दहेज के लिए परेशान कर रहे थे। उनका कहना था कि वो अपने पिता जो विदेश में कमाते हैं, उनसे 5 लाख रुपए मांगे।
जब नूरी ने इसका विरोध किया तो उसके ससुराल वाले ने मिलकर उसकी हत्या कर दी। परिजनों की मानें तो ससुराल वाले ने पहले महिला की जुबान काट दी और उसके बाद महिला को जिंदा जला दिया। जलकर मौत होने के बाद गड्ढा खोदकर उसके शव को ठिकाने लगा दिया, इस मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।