दिल्ली:लता मंगेशकर के निधन पर देश ही बल्कि पूरे विश्व से शोक संदेश आ रहे हैं। पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान में भी लता जी चाहने वाले उनकी मौत से सदमे में हैं।
सिनेमा में करीब आधे दशक तक अपने स्वरों से गीतों को अमर करने वाली लता मंगेशकर का 92 साल की उम्र में आज सुबह मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में निधन हो गया।
देश में दो दिनों का राजकीय शोक है और हर ओर लोग गमजदा हैं। ऐसी ही खबरें पाकिस्तान से भी आ रही हैं। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के अध्यक्ष रमीज़ राजा ने भारत रत्न लता मंगेशकर के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए इसे बहुत बड़ी क्षति बताया है।
रमीज़ राजा ने अपने ट्वीट में कहा, "हम सभी के लिए लता मंगेशकर महानता, नम्रता और सादगी की प्रतिमूर्ति थीं। पहले किशोर कुमार और अब उनकी मौत से संगीत को बहुत बड़ी क्षति पहुंची है।"
आज सुबह जैसे ही लता मंगेशकर के निधन की सूचना जारी हुई। उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए सचिन तेंदुलकर फौरन ब्रीच कैंडी अस्पताल पहुंचे। लता जी सचिन तेंदुलकर को अपने बेटे की तरह मानती थीं।
वहीं पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली ने भी लता जी के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए ट्वीट किया, ‘‘लता जी के निधन की खबर सुनकर बेहद दुखी हूं। उनके मधुर गीतों ने दुनिया भर में करोड़ों लोगों के दिलों को छुआ है। आपके सभी गीतों और यादों के लिए आपको धन्यवाद। परिवार और प्रियजनों को मेरी ओर से संवेदनाएं।’’
लता जी के निधन से क्रिकेट और राजनीति के अलावा उद्योग जगत भी काफी सदमे में हैं और हर ओर से लता जी को श्रद्धांजलि देने की खबरें लगातार आ रही हैं। मालूम हो कि 29 दिन अस्पताल में जीवन और मृत्यु के बीत संघर्ष करने के बाद लता मंगेशकर का अपनी अनंत यात्रा पर निकल गई।
वह बीते लगभग एक महीने से कोरोना संक्रमण और निमोनिया से लड़ रही थीं। ब्रीच कैंडी अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की हर संभव कोशिश की लेकिन वो कामयाब नहीं हुए।