IND vs ENG: शुभमन गिल ने शतक जड़ा, भारत को मिली बड़ी बढ़त, टीम इंडिया मजबूत स्थिति में

गिल ने 135 गेंदों में अपना शतक जड़ा। अपनी पारी में गिल ने 11 चौके और 2 छक्के लगाए हैं। यह उनका टेस्ट में तीसरा शतक है।

By शिवेन्द्र कुमार राय | Published: February 04, 2024 1:31 PM

Open in App
ठळक मुद्देभारतीय बल्लेबाज शुभमन गिल ने शानदार शतक जड़ायह नंबर तीन पर खेलते हुए उनका पहला शतक हैयह उनका टेस्ट में तीसरा शतक है

IND vs ENG: विशाखापत्तनम में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच में भारतीय बल्लेबाज शुभमन गिल ने शानदार शतक जड़ा। यह नंबर तीन पर खेलते हुए उनका पहला शतक है। यही नहीं गिल 2017 के बाद टेस्ट में नंबर तीन पर खेलते हुए शतक जड़ने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी है। इससे पहले नंबर तीन पर चेतेश्वर पुजारा ने शतक जड़ा था। गिल ने 135 गेंदों में अपना शतक जड़ा। अपनी पारी में गिल ने 11 चौके और 2 छक्के लगाए हैं। यह उनका टेस्ट में तीसरा शतक है।

हालांकि भारत की शुरुआत आज खराब हुई। टीम ने सुबह के सत्र में 102 रन जोड़े लेकिन कप्तान रोहित शर्मा (12), यशस्वी जायसवाल (17), श्रेयस अय्यर (29) और रजत पाटीदार (09) के विकेट गंवाए। सुबह के सत्र में शुरुआती 30 मिनट एंडरसन के नाम रहे। उन्होंने दिन के अपने पहले ओवर में हल्की सी बाहर की ओर मूव होती गेंद पर रोहित का ऑफ स्टंप उखाड़ा। इस 41 वर्षीय तेज गेंदबाज ने अगले ओवर में पहली पारी में दोहरा शतक जड़ने वाले जायसवाल को पहली स्लिप में जो रूट को कैच कराया। खराब फॉर्म से जूझ रहे गिल और अय्यर ने 112 गेंद में 81 रन जोड़कर पारी को संभाला। गिल के अंदर शुरुआत में हिचक दिखी और एंडरसन ने उन्हें काफी परेशान किया। हालांकि बाद में गिल ने खुलकर शॉट खेले।

भारत अब मजबूत स्थिति में है और उसकी लीड अब 350 से ज्यादा की हो गई है। टीम इंडिया की कोशिश अब ज्यादा से ज्यादा रन बनाने की है ताकि इंग्लैंड को पीछा करने के लिए एक बड़ा लक्ष्य दिया जा सके। इससे पहले कई पारियों में गिल ने कुछ खास नहीं किया था जिसके कारण उनके टीम में होने पर भी सवाल उठाए जाने लगे थे। इन सारे सवालों का जवाब गिल ने शतक जड़ कर दिया है।

इससे पहले जसप्रीत बुमराह ने अपनी शानदार गेंदबाजी के दम पर इंग्लैंड की पहली पारी तहस नहस कर दी।  बुमराह ने शनिवार, 3 फरवरी को इंग्लैंड के खिलाफ एक के बाद एक खतरनाक गेंद फेंकी जिससे वह भारत में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दर्ज करने में सफल रहे। बुमराह ने इंग्लैंड की पहली पारी के 6 विकेट अकेले उखाड़े। उन्होंने प्रतिद्वंद्वी कप्तान बेन स्टोक्स को आउट करके अपना 150वां टेस्ट विकेट भी हासिल किया। उनके इस कमाल के प्रदर्शन से इंग्लैंड की टीम पहली पारी में 253 रन पर सिमट गयी और मेजबानों ने 143 रन की बढ़त हासिल की थी। 

टॅग्स :शुभमन गिलभारत vs इंग्लैंडटेस्ट क्रिकेटबीसीसीआईभारतीय क्रिकेट टीम

संबंधित बातम्या

क्रिकेट अधिक बातम्या