रणजी ट्रॉफी: अभिमन्यु की दमदार पारी से बंगाल की सबसे बड़ी जीत, दिल्ली के खिलाफ हासिल किया 322 का लक्ष्य

दिल्ली ने पहली पारी में 240 रन बनाए थे जिसके जवाब में बंगाल की टीम 220 रन पर आउट हो गई थी।

By भाषा | Updated: January 3, 2019 05:37 IST2019-01-03T05:34:29+5:302019-01-03T05:37:27+5:30

ranji trophy abhimanyu easwaran 183 not out as Bengal beat delhi by chasing 322 runs | रणजी ट्रॉफी: अभिमन्यु की दमदार पारी से बंगाल की सबसे बड़ी जीत, दिल्ली के खिलाफ हासिल किया 322 का लक्ष्य

अभिमन्यु ईश्वरन (फोटो- बीसीसीआई, ट्विटर)

Highlightsबंगाल की सबसे बड़ी जीत, अभिमन्यु ने 23 चौके और 2 छक्के लगायेदिल्ली की हार से बंगाल की नॉकआउट की उम्मीद कायम

कोलकाता: सलामी बल्लेबाज अभिमन्यु ईश्वरन के नाबाद शतक की बदौलत बंगाल ने रणजी ट्राफी ग्रुप बी मैच के अंतिम दिन बुधवार को दिल्ली को सात विकेट से हराकर नॉकआउट में जगह बनाने की उम्मीदों को जीवंत रखा। अभिमन्यु का इस सीजन नें तीन मैचों में यह दूसरा शतक है।

दिल्ली से मिले 322 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए बंगाल ने 23 साल के अभिमन्यु (नाबाद 183), अभिषेक रमन (52) और अनुस्तुप मजूमदार (नाबाद 69) की पारियों की बदौलत 70.2 ओवर में तीन विकेट पर 323 रन बनाकर रिकॉर्ड जीत दर्ज की। 

ये बंगाल की सबसे बड़ी जीत है। इससे पहले बंगाल ने कर्नाटक के खिलाफ 2006-07 में 4 विकेट पर 307 रन बनाकर जीत हासिल की थी। वहीं, 2005-06 में बंगाल ने रेलवे के खिलाफ 5 विकेट खोकर 306 रन का लक्ष्य हासिल कर जीत दर्ज की थी। 


बहरहाल, बंगाल की टीम बुधवार को बिना विकेट खोए 18 रन से आगे खेलने उतरी। अभिमन्यु ने साथी सलामी बल्लेबाज अभिषेक के साथ पहले विकेट के लिए 121 रन जोड़कर टीम को शानदार शुरुआत दिलाई।

नितीश राणा ने अभिषेक को आउट करके इस साझेदारी को तोड़ा। कुलवंत खेजरोलिया ने इसके बाद जल्दी-जल्दी दो विकेट चटकाकर बंगाल का स्कोर बिना विकेट खोए 121 रन से तीन विकेट पर 137 रन कर दिया।

अभिमन्यु ने हालांकि इसके बाद अनुभवी मजूमदार के साथ 186 रन की अटूट साझेदारी करके टीम को जीत दिला दी। अभिमन्यु ने अपने आठवें प्रथम श्रेणी शतक के दौरान 211 गेंद का सामना करते हुए 23 चौके और दो छक्के मारे।

दिल्ली ने पहली पारी में 240 रन बनाए थे जिसके जवाब में बंगाल की टीम 220 रन पर आउट हो गई थी। दिल्ली ने दूसरी पारी में 301 रन बनाए थे। इस जीत के बंगाल के सात मैचों में 22 अंक हो गए हैं। दिल्ली के सात मैचों में सिर्फ 13 अंक हैं।

Open in app