चेन्नई: आईपीएल-2023 में बुधवार को खेले गए रोमांचक मैच में चेन्नई सुपरकिंग्स को अपने ही होमग्राउंड चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में तीन रनों से हार का सामना करना पड़ा। सीएसके को उसके ही गृह मैदान पर हरा पाना बेहद मुश्किल माना जाता है। बहुत कम मौकों पर सीएसके को यहां हार का सामना करना पड़ा है। राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के खिलाफ चेन्नई को जीत के लिए 176 रनों का लक्ष्य मिला था। हालांकि सीएसके टीम कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और रवींद्र जडेजा जैसे दिग्गजों के क्रीज पर रहते हुए भी निर्धारत 20 ओवरों में 6 विकेट गंवाकर 172 रन बना सकी और तीन रनों से मैच हार गई।
आखिरी गेंद पर धोनी नहीं लगा सके छक्का
भारत के लिए खेलते हुए भी और आईपीएल में सीएसके के लिए कई बार करिश्माई बल्लेबाजी कर फैंस में बेहतरीन फिनिशर के तौर पर लोकप्रिय धोनी इस बार कमाल नहीं कर सके। सीएसके को आखिरी गेंद पर जीत के लिए पांच रनों की जरूरत थी और राजस्थान रॉयल्स के लिए गेंदबाजी संदीप सिंह कर रहे थे। ऑफस्टंप की ओर डाली गई यॉर्कर तरीके के गेंद को धोनी सीमा पार नहीं पहुंचा सके और केवल एक रन से उन्हें संतोष करना पड़ा।
जबकि दिलचस्प ये भी रहा कि इसी ओवर में धोनी ने दो छक्के जड़े थे। सीएसके को आखिरी ओवर में 21 रनों की जरूरत थी और धोनी के दो छक्कों की बदौलत फैंस की उम्मीदें एक बार फिर जग गई थीं। हालांकि संदीप की आखिरी गेंद ने राजस्थान रॉयल्स को जीत दिला दी।
चेपॉक में राजस्थान रॉयल्स की 2008 के बाद पहली जीत
राजस्थान रॉयल्स की चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ चेपॉक स्टेडियम में यह केवल दूसरी जीत है। उसे पहली जीत आईपीएल के पहले सीजन में साल 2008 में मिली थी। वह मैच आरआर 10 रनों से जीता था। इसके बाद से 2010, 2011, 2012, 2013, 2015, 2019 में भी उसे सीएसके के खिलाफ जब भी चेपॉक मैदान पर खेलने का मौका मिला, उसे हार का सामना करना पड़ा।
बताते चलें कि रॉयल्स के 176 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए चेन्नई सुपरकिंग्स की टीम की ओर से सलामी बल्लेबाज डेवोन कॉनवे (50) ने अर्धशतक जड़ा। इसके बाद कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (17 गेंद में नाबाद 32, एक चौका, तीन छक्के) और रवींद्र जडेजा (15 गेंद में नाबाद 25, एक चौका, दो छक्के) के बीच सातवें विकेट की पांच ओवर में 59 रन की अटूट साझेदारी ने मैच को रोमांचक बना दिया था।