ICC Player month of january 2023: डेवोन और सिराज को पछाड़ कर मारी बाजी, श्रीलंका-न्यूजीलैंड के खिलाफ रनों की बारिश, आईसीसी अवार्ड से सम्मानित

ICC Player month of january 2023: एस गिल ने जनवरी में सीमित ओवरों के क्रिकेट में रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन किया। उन्होंने श्रीलंका और न्यूजीलैंड दोनों के खिलाफ एकदिवसीय प्रारूप में काफी रन जुटाए।

By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Published: February 13, 2023 6:19 PM

Open in App
ठळक मुद्देन्यूजीलैंड के खिलाफ हैदराबाद में श्रृंखला के पहले मैच में दोहरा शतक जड़ा।जनवरी में 100 से अधिक के तीन स्कोर बनाए और इस दौरान 567 रन जोड़े। एकदिवसीय प्रारूप में दोहरा शतक जड़ने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बने।

ICC Player month of january 2023: भारतीय बल्लेबाज शुभमन गिल को एकदिवसीय प्रारूप में लगातार अच्छी पारियां खेलने के लिए जनवरी माह का आईसीसी का सर्वश्रेष्ठ पुरुष खिलाड़ी चुना गया जबकि इंग्लैंड की अंडर-19 कप्तान ग्रेस स्क्रीवन्स महिला वर्ग में यह सम्मान पाने वाली सबसे युवा खिलाड़ी बनी।

गिल ने जनवरी में सीमित ओवरों के क्रिकेट में रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन किया। उन्होंने श्रीलंका और न्यूजीलैंड दोनों के खिलाफ एकदिवसीय प्रारूप में काफी रन जुटाए। तेइस साल के गिल ने जनवरी में 100 से अधिक के तीन स्कोर बनाए और इस दौरान 567 रन जोड़े। उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ हैदराबाद में श्रृंखला के पहले मैच में दोहरा शतक जड़ा।

उन्होंने सिर्फ 149 गेंद में 28 बाउंड्री की मदद से 208 रन बनाए और इस दौरान एकदिवसीय प्रारूप में दोहरा शतक जड़ने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बने। उन्होंने इसके अलावा श्रीलंका के खिलाफ 116 और न्यूजीलैंड के खिलाफ अंतिम एकदिवसीय में 112 रन की पारी भी खेली।

गिल ने न्यूजीलैंड के सलामी बल्लेबाज डेवोन कॉनवे और हमवतन मोहम्मद सिराज को वैश्विक मतदान में पछाड़कर पहली बार आईसीसी के महीने के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार जीता। इसके साथ ही वह अक्टूबर 2022 में विराट कोहली के बाद यह पुरस्कार जीतने वाले पहले भारतीय भी बने।

गिल ने आईसीसी की विज्ञप्ति में कहा, ‘‘जनवरी मेरे लिए विशेष माह रहा और इस पुरस्कार को जीतकर यह और यादगार हो गया। प्रदर्शन को मान्यता मिलना हमेशा अच्छा होता है और इन पारियों से मुझे काफी आत्मविश्वास मिलेगा विशेषकर घरेलू सरजमीं पर होने वाले आईसीसी पुरुष क्रिकेट विश्व कप से पहले।’’

ग्रेस ने पहले अंडर-19 महिला टी20 विश्व कप में शानदार प्रदर्शन की बदौलत यह महिला वर्ग का पुरस्कार अपने नाम किया। उनकी अगुआई में टीम ने फाइनल में जगह बनाई जहां उसे चैंपियन बने भारत के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा।

उन्नीस साल की ग्रेस ने सात पारियों में रवांडा, आयरलैंड और वेस्टइंडीज के खिलाफ लगातार तीन अर्धशतक सहित 41.85 की औसत से 293 रन बनाए। उन्होंने गेंदबाजी में भी कमाल करते हुए 7.11 के औसत से नौ विकेट चटकाए। ग्रेस ने इस पुरस्कार की दौड़ में ऑस्ट्रेलिया की फोएबे लिचफील्ड और बेथ मूनी को पछाड़ा। 

टॅग्स :आईसीसी अवॉर्ड्सशुभमन गिलन्यूजीलैंड क्रिकेट टीमटीम इंडिया
Open in App

संबंधित बातम्या

क्रिकेट अधिक बातम्या