क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट का ऐलान, उस्मान ख्वाजा, शॉन मार्श समेत कई स्टार खिलाड़ी बाहर, लॉबुशेन समेत छह नए चेहरे शामिल

Cricket Australia contracts: क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया द्वारा गुरुवार को जारी खिलाड़ियों की वार्षिक अनुबंध सूची से उस्मान ख्वाजा और शॉन मार्श जैसे स्टार खिलाड़ियों को बाहर कर दिया है, छह नए चेहरो को मिली जगह

By भाषा | Published: April 30, 2020 11:39 AM

Open in App
ठळक मुद्देक्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने जारी की 2020-21 के लिए 20 पुरुष, 15 महिला खिलाड़ियों के केंद्रीय अनुबंध की सूचीक्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने किया उस्मान ख्वाजा, शॉन मार्श जैसे स्टार खिलाड़ियों को करार लिस्ट से बाहर

मेलबर्न: क्रिकेट आस्ट्रेलिया (सीए) ने सीनियर बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा ओर शॉन मार्श को गुरुवार को जारी खिलाड़ियों की वार्षिक अनुबंध सूची से बाहर कर दिया जबकि मार्नस लॉबुशेन और जो बर्न्स सहित छह नये चेहरों को इसमें जगह दी है। कोविड-19 महामारी के कारण यह सूची तय समय से बाद में जारी की गयी है।

यह सूची 2020-21 के सत्र के लिये है जिसमें मिशेल मार्श, एस्टन एगर, बर्न्स, लाबुशेन, केन रिचर्डसन और मैथ्यू वेड के रूप में छह नये चेहरे शामिल हैं। लॉबुशेन ने ऑस्ट्रेलिया की तरफ से 2018 में पदार्पण किया था और वह आईसीसी रैंकिंग में तीसरे नंबर पर पहुंच गये थे। उन्होंने अब तक 14 टेस्ट मैचों में 63 से अधिक औसत से 1459 रन बनाये है। बर्न्स का टेस्ट और वनडे दोनों में औसत 50 से अधिक है।

ख्वाजा पिछले पांच साल में पहली बार अनुबंध सूची से हटाया गया है। उन्हें पिछले साल अगस्त में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट श्रृंखला के बाद से टीम में नहीं चुना गया है। ख्वाजा के अलावा पीटर हैंडसकांब, मार्कस स्टोइनिस, नाथन कूल्टर नाइल, मार्कस हैरिस और शॉन मार्श को भी केंद्रीय अनुबंध की सूची से बाहर कर दिया गया है। इस सूची में 20 खिलाड़ी शामिल हैं।

राष्ट्रीय चयनकर्ताओं ने अगले 12 महीनों के लिये 15 महिला खिलाड़ियों को भी केंद्रीय अनुबंध सूची में रखा है। इस सूची में ताहिला मैकग्रा भी शामिल हैं जिन्होंने 2017 से राष्ट्रीय टीम की तरफ से एक भी मैच नहीं खेला है। मैक्ग्रा के अलावा टेआला व्लामिनेक और अनाबेल सदरलैंड इस सूची में शामिल नये चेहरे हैं। निकोल बोल्टन, एलिस विलानी और एरिन बर्न्स को इसमें जगह नहीं मिली।

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के केंद्रीय अनुबंध में शामिल पुरुष खिलाड़ी: एश्टन एगर, जो बर्न्स, एलेक्स केरी, पैट कमिंस, आरोन फिंच, जोश हेजलवुड, ट्रैविस हेड, मार्नस लाबुशेन, नाथन लियोन, मिशेल मार्श, ग्लेन मैक्सवेल, टिम पेन, जेम्स पैटीसन, जे रिचर्डसन, केन रिचर्डसन, स्टीव स्मिथ, मिशेल स्टार्क , मैथ्यू वेड, डेविड वार्नर, एडम जम्पा।

क्रिकेट आस्ट्रेलिया के केंद्रीय अनुबंध में शामिल महिला खिलाड़ी: निकोला केरी, एशलेग गार्डनर, रशेल हेन्स, एलिसा हीली, जेस जोनासेन, डेलिसा किमिसन, मेग लैनिंग, ताहिला मैक्ग्रा, सोफी मोलिनक्स, बेथ मूनी, एलिसे पेरी, मेगन शुट्ट, अनाबेल सदरलैंड, टेआला व्लामिनेक, जॉर्जिया वेयरहम। 

टॅग्स :क्रिकेट ऑस्ट्रेलियाउस्मान ख्वाजाशॉन मार्शमार्नस लाबुशेन

संबंधित बातम्या

क्रिकेट अधिक बातम्या