Ind vs Aus: चेतेश्वर पुजारा ने किया ऐडिलेड टेस्ट के पहले दिन कमाल, 16वां शतक जड़ते हुए की द्रविड़-गांगुली की बराबरी

Cheteshwar Pujara: चेतेश्वर पुजारा ने ऐडिलेड टेस्ट के पहले दिन अपना 16वां टेस्ट शतक जड़ते हुए राहुल द्रविड़ और सौरव गांगुली का रिकॉर्ड किया बराबर

By अभिषेक पाण्डेय | Published: December 06, 2018 3:05 PM

Open in App

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ गुरुवार को ऐडिलेड टेस्ट के पहले दिन चेतेश्वर पुजारा ने शानदार शतक जड़ा और एक तरफ गिरते विकेटों के बीच एक छोर मजबूती से थामते हुए पहले दिन भारत का स्कोर 9 विकेट पर 250 रन तक पहुंचाने में मदद की। इस दौरान पुजारा ने ऑस्ट्रेलिया में अपना पहला और कुल 16वां टेस्ट शतक जड़ा और 5000 टेस्ट रन भी पूरे कर लिए। पुजारा ने 231 गेंदों में 6 चौकों और एक छक्के की मदद से अपना शतक पूरा किया। 

पुजारा ने बराबर किया गांगुली का रिकॉर्ड

पुजारा ने अपने 65वें टेस्ट की 108वीं पारी में 16वां शतक जड़ा और भारत के लिए सबसे ज्यादा टेस्ट शतक लगाने के मामले में पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली का रिकॉर्ड बराबर किया। गांगुली ने अपने टेस्ट करियर में 133 मैचों में 42.17 के औसत से रन बनाए और 16 शतक जड़े। पुजारा और गांगुली के अलावा दुनिया में 16 शतक लगाने वाले अन्य बल्लेबाज हैं, इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर माइक अथरटन, ग्राहम थोर्प, श्रीलंका के मर्वन अट्टापट्टू, वेस्टइंडीज के रिची रिचर्डसन, श्रीलंका के तिलकरत्ने दिलशान, इंग्लैंड के ही हरबर्ट सटक्लिफ।

पुजारा ने की राहुल द्रविड़ के रिकॉर्ड की बराबरी

चेतेश्वर पुजारा ने 108वीं पारी में अपने 5000 टेस्ट रन पूरे किए, वह सबसे तेज ये उपलब्धि हासिल करने वाले पांचवें भारतीय बल्लेबाज बने। इस मामले में उन्होंने महान बल्लेबाज राहुल द्रविड़ की बराबरी की। भारत के लिए सबसे कम मैचों में ये रिकॉर्ड सुनील गावस्कर के नाम है जिन्होंने 95 पारियों में 5000 टेस्ट रन बनाए थे। इसकेबाद सहवाग (99 पारी), सचिन तेंदुलकर (103 पारी) और विराट कोहली (105 पारी) का नंबर आता है।

पुजारा बने ये कमाल करने वाले छठे भारतीय बल्लेबाज

चेतेश्वर पुजारा इस शतक के साथ ही एशिया के बाहर किसी सीरीज के पहले ही दिन शतक जड़ने वाले छठे भारतीय बल्लेबाज बन गए। भारत के लिए आखिरी बार ये कमाल विराट कोहली ने 2016 में विंडीज दौरे पर किया था। सचिन तेंदुलकर और वीरेंद्र सहवाग ने एक साथ ये कमाल दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 2001 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ ब्लोमफोंटेन में किया था। विराट कोहली दो बार ये कारनामा (2013, 2016) करने वाले एकमात्र भारतीय बल्लेबाज हैं।

एशिया के बाहर किसी दौरे पर पहले दिन शतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज

विजय मांजरेकर- 133, लीड्स, 1952

सचिन तेंदुलकर- 155, ब्लोमफोंटेन, 2001

वीरेंद्र सहवाग-105, ब्लोमफोंटेन, 2001

विराट कोहली-119, जोहांसबर्ग, 2013

मुरली विजय-122, ट्रेंट ब्रिज, 2014

विराट कोहली-143, नॉर्थ साउंड, 2016

चेतेश्वर पुजारा-100, ऐडिलेड, 2018 *

पुजारा ने बनाया पंत के साथ साझेदारी का रिकॉर्ड

चेतेश्वर पुजारा ने ऋषभ पंत के साथ छठे विकेट के लिए 41 रन की साझेदारी की। ये ऑस्ट्रेलिया में 100 रन के अंदर भारत के 5 विकेट गिरने के बाद छठे विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी है। पुजारा ने पंत के अलावा रविचंद्रन अश्विन के साथ सातवें विकेट के लिए 72 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की।

टॅग्स :चेतेश्वर पुजाराभारत Vs ऑस्ट्रेलियाराहुल द्रविड़सौरव गांगुलीऋषभ पंतरविचंद्रन अश्विन

संबंधित बातम्या

क्रिकेट अधिक बातम्या