Sports Flashback: एक दिन में दो शतक, कहानी 122 साल पुराने उस अनोखे रिकॉर्ड की जो अब तक नहीं टूटा

देश में रणजी ट्रॉफी आज इन्हीं के नाम पर खेला जाता है। साथ ही भारत के पूर्व क्रिकेटर और अब कॉमेंटेटर अजय जडेजा भी इन्हीं के परिवार से संबंध रखते हैं।

By विनीत कुमार | Updated: August 22, 2018 08:07 IST2018-08-22T08:07:09+5:302018-08-22T08:07:09+5:30

22nd ausgust 1896 when Shri Ranjitsinhji scored two hundreds on the same day | Sports Flashback: एक दिन में दो शतक, कहानी 122 साल पुराने उस अनोखे रिकॉर्ड की जो अब तक नहीं टूटा

रणजीत सिंह

भारतीय क्रिकेट में कई ऐसे दिग्गज हुए हैं जिनके खेल ने पूरी दुनिया को आकर्षित किया। लेकिन क्या आपने भारत के पहले क्रिकेटर के उस कारनामे के बारे में सुना है, जिसे फिर कभी नहीं दोहराया जा सका। हम बात कर रहे हैं भारत के पहले क्रिकेटर रणजीत सिंहजी की जिन्होंने आज ही के दिन 22 अगस्त को एक दिन में दो शतक लगाने का कारनामा किया था। फर्स्ट क्लास क्रिकेट का ये रिकॉर्ड अब भी नहीं टूटा है।

रणजीत कभी भारत के लिए तो नहीं खेल सके लेकिन इंग्लैंड में ऐसी धूम मचाई जिसे आज भी पूरी दुनिया याद करती है। रणजीत सिंह ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इंग्लैंड की तरफ से 15 टेस्ट खेले। ये वो दौर था जब भारत की कोई क्रिकेट टीम नहीं थी।

121 साल पहले एक दिन में दो शतक लगाने का कारनामा

ये बात 1896 की है। भारत में तब क्रिकेट उतना लोकप्रिय नहीं था। रणजीत इंग्लैंड में क्रिकेट खेला करते थे। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपने डेब्यू टेस्ट में ही नाबाद शतक लगाकर रणजीत सुर्खियां बटोर चुके थे और इंग्लैंड में उनका खेल पसंद किया जाने लगा था। ऑस्ट्रेलिया के बाद ससेक्स की ओर से ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी के खिलाफ और फिर केंट के खिलाफ मैच में शानदार पारियां खेलकर एक सीजन में 1000 रन बनाने वाले वह पहले अमेच्योर क्रिकेटर बन चुके थे।

इसके बाद ससेक्स को यॉर्कशायर के खिलाफ होव शहर में खेलना था। इस मैच में यॉर्कशायर ने पहले बैटिंग करते हुए पहली पारी में 406 रन बनाये। जवाब में ससेक्स की शुरुआत खराब रही और दूसरे दिन तक 23 रनों पर ही उसे दो झटके लग गये।

तीसरे दिन 22 अगस्त को खेल शुरू हुआ और रणजीत सिंहजी ने मोर्चा संभालते हुए 100 रनों की पारी खेली। हालांकि, ससेक्स की टीम फॉलोऑन नहीं टाल सकी और 191 पर सिमट गई। नतीजतन ससेक्स को एक बार फिर बैटिंग के लिए उतरना पड़ा। टीम पर पारी से हार का खतरा मंडरा रहा था लेकिन रणजीत सिंह ने 125 रनों की पारी खेली और आखिरकार दो विकेट पर    260 रनों के साथ ससेक्स टीम मैच बचाने में कामयाब रही। इसी के साथ रणजीत सिंहजी एक ही मैच में 2 शतक लगाने वाले ससेक्स के तीसरे बल्लेबाज भी बने।  

नहीं टूटा एक दिन में दो शतकों का रिकॉर्ड

फर्स्ट क्लास क्रिकेट में एक दिन में दो शतकों का ये रिकॉर्ड अब भी कायम है। वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया की ओर से खेलते हुए मैथ्यू एलियट ने 31 दिसंबर 1995 को 104 रन और उसके बाद फॉलोऑन पारी में 135 रन बनाए थे। हालांकि, ये रिकॉर्ड रणजीत सिंह के कारनामे इसलिये अलग है क्योंकि मैथ्यू ने पहली पारी में शतक के पहले 98 रन पिछले दिन बना लिये थे। बता दें कि देश में रणजी ट्रॉफी आज इन्हीं के नाम पर खेला जाता है। साथ ही भारत के पूर्व क्रिकेटर और अब कॉमेंटेटर  अजय जडेजा भी इन्हीं के परिवार से संबंध रखते हैं। 

Open in app