लाइव न्यूज़ :

सुशील मोदी ने कोविड टीकों, चिकित्सा उपकरणों पर 0.1 प्रतिशत जीएसटी लगाने का सुझाव दिया

By भाषा | Updated: June 8, 2021 18:50 IST

Open in App

नयी दिल्ली, आठ जून भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और बिहार के पूर्व वित्त मंत्री सुशील मोदी ने मंगलवार को कोविड टीका, ऑक्सीजन वेंटीलेटर और कोरोना वायरस संक्रमण के इलाज में जरूरी अन्य चिकित्सा उपकरणों पर 0.1 प्रतिशत की दर से केंद्रीय जीएसटी (सीजीएसटी) और राज्य जीएसटी (एसजीएसटी) लगाने का सुझाव दिया।

बिहार के वित्त मंत्री रहते मोदी जीएसटी परिषद के काम से काफी नजदीकी से जुड़े रहे थे। वह बिहार के उप-मुख्यमंत्री भी रहे हैं।

माल एवं सेवा कर (जीएसटी) परिषद जल्दी ही उक्त वस्तुओं पर कर की दर तय कर सकती है।

मोदी ने कहा कि महामारी के बीच इस मामले में सबसे व्यवहारिक विकल्प यही है कि इन सामानों पर बहुत कम दर से कर लगाया जाये और उन्हें जरूरतमंदों के लिये सस्ता बनाया जाये।

फिलहाल देश में बनने वाले टीकों पर 5 प्रतिशत की दर से जीएसटी लगाया जाता है जबकि कोविड-19 संक्रमण के इलाज में उपयोगी दवाओं और ऑक्सीजन कंसन्ट्रेटर के मामले में यह 12 प्रतिशत है।

मोदी ने पीटीआई-भाषा से कहा, ‘‘कोविड टीकों, वेंटिलेटर या अन्य आवश्यक चिकित्सा उपकरणों को जीएसटी से छूट देना एक व्यवहारिक विकल्प नहीं हो सकता है क्योंकि इससे अंततः अंतिम उपयोगकर्ताओं के लिए कीमत बढ़ जायेगी। ऐसा करने से निर्माताओं को इनपुट टैक्स क्रेडिट का लाभ नहीं मिलेगा।’’

उन्होंने यह भी कहा कि जीएसटी व्यवस्था के तहत इन चिकित्सा उपकरणों और टीकों को ‘शून्य-दर’ के दायरे में लाने (आपूर्ति की पूरी मूल्य श्रृंखला को कर से छूट) के लिए सभी राज्यों की विधानसभाओं और संसद से जीएसटी अधिनियम में संशोधन की आवश्यकता होगी जिसमें काफी समय लगेगा।

मोदी ने कहा, ‘‘ऐसे में मेरा सुझाव है कि कोविड टीकों, संक्रमण के इलाज में उपयोगी ऑक्सीजन कंसन्ट्रेटर, अन्य जरूरी दवाएं और चिकित्सा उपकरणों पर 0.1 प्रतिशत सीजीएसटी और एसजीएसटी लगाया जाना चाहिये। इससे विनिर्माता इनपुट टैक्स क्रेडिट का दावा कर सकते हैं जबकि कीमतें अपेक्षाकृत कम होंगी।’’

उन्होंने हालांकि, यह भी कहा कि यह उनका व्यक्तिगत विचार है और इस बारे में कोई भी अंतिम निर्णय परिषद को ही करना है।

मोदी ने कह कि अंतिम उद्देश्य राजस्व जुटाना नहीं है, बल्कि उपभोक्ताओं की मदद करना है। उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि दवाओं और चिकित्सा उपकरणों को निर्यात वस्तुओं के रूप में (डीम्ड एक्सपोर्ट सामान) माना जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि जीएसटी परिषद सहयोगपूर्ण संघवाद का एक सफल उदाहरण है। अब तक एक मौके को छोड़कर परिषद ने सभी निर्णय आम सहमति से लिये हैं।

उल्लेखनीय है कि जीएसटी परिषद 28 मई को कोविड टीकों और चिकित्सा उपकरणों पर कर की दरों में बदलाव के बारे में निर्णय नहीं कर सकी। क्योंकि भाजपा और विपक्षी दल शासित राज्यों में इस बात को लेकर मतभेद था कि क्या कर कटौती का लाभ आम आदमी तक पहुंचेगा।

उसके बाद परिषद ने मंत्री समूह (जीओएम) गठित करने का निर्णय किया जो कोविड इलाज में उपयोगी सामानों पर जीएसटी से राहत के बारे में विचार करेगा।

मंत्री समूह ने सोमवार को अपनी रिपोर्ट वित्त मंत्री निर्मला सीतारणम को सौंप दी है। राज्यों के मंत्रियों के समूह की रिपोर्ट पर जीएसटी परिषद की अगली बैठक में चर्चा होगी। परिषद की बैठक जल्द होने की उम्मीद है।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Open in App

संबंधित खबरें

पूजा पाठPanchang 11 April 2026: आज कब से कब तक है राहुकाल और अभिजीत मुहूर्त का समय, देखें पंचांग

पूजा पाठRashifal 11 April 2026: आज वृषभ समेत इन 4 राशिवालों के लिए रहेगा शनि भारी, अचानक आ सकती है बड़ी परेशानी

पूजा पाठBohag Bihu 2026: कब है रोंगाली बिहू? जानिए क्यों खास हैं उत्सव के ये 7 दिन

भारतमहात्मा ज्योतिराव फुलेः 200वें जयंती, भारत के दिव्य पथ-प्रदर्शक

भारतBaramati Bypoll 2026: राजनीतिक पतन के बाद बारामती में समर्थन

कारोबार अधिक खबरें

कारोबार10 अप्रैल सोने का भाव?, जानिए 18, 22 और 24 कैरेट के लिए आपको कितना पैसा देना होगा?

कारोबारकिसान को 9000, महिला को 3000 और ग्रेजुएट युवा को 3,000 रुपये?, भाजपा का 'संकल्प पत्र' जारी, अमित शाह ने खेला दांव, वीडियो

कारोबारनेपाल में पेट्रोल 17, किरोसिन-डीजल 25 रुपया महंगा?, सिलेंडर की कीमत में 100 रुपये की बढ़ोतरी, नई दरें 10 अप्रैल से लागू

कारोबारAgricultural Land Tax Rules: बिना टैक्स चुकाए कैसे बेचें अपनी कृषि भूमि? जानें टैक्स बचाने के कानूनी रास्ते

कारोबारPetrol-Diesel Price Today: ग्लोबल टेंशन के बीच तेल कंपनियों ने जारी किए नए दाम, जानें आज कितनी ढीली होगी जेब