Wajid Khan death news: पति की मौत की खबर सुन बेसुध हुईं पत्नी यास्मीन, बच्चों को भी आ रही पिता की याद
By अमित कुमार | Published: June 1, 2020 02:14 PM2020-06-01T14:14:08+5:302020-06-01T14:14:08+5:30
वाजिद खान की मौत की खबर सुनकर उनकी पत्नी यास्मीन बेसुध हो गईं। इसके अलावा उनके बच्चों को भी इस बात का यकीन नहीं हो रहा कि उनके पिता अब इस दुनिया में नहीं रहे।
फिल्म इंडस्ट्री के लिए यह साल अब तक सबसे खराब गुजरा है। एक तरफ फिल्मों की रिलीज बंद है तो वहीं दूसरी तरफ इरफान खान और ऋषि कपूर जैसे दिग्गज कलाकार भी हमें छोड़कर चले गए। इस लिस्ट में अब एक नाम और जुड़ गया है। म्यूजिक डायरेक्टर वाजिद खान का 42 साल की उम्र में निधन हो गया। वाजिद को मुंबई के चेम्बूर स्थित अस्पताल में किडनी की गंभीर समस्या के चलते भर्ती कराया गया था। वाजिद वेंटिलेटर पर थे, 31 मई की दोपहर वाजिद की तबीयत बेहद बिगड़ गई थी।
वाजिद, पिछले कई सालों से किडनी के अलावा हार्ट की समस्या से भी जूझ रहे थे। संगीतकार ने सभी काम अपने भाई साजिद के साथ मिलकर किए। इन दोनों की जोड़ी साजिद-वाजिद के नाम से बॉलीवुड में मशहूर हैं। वाजिद के भाई साजिद ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘ उनका निधन दिल का दौरा पड़ने से हुआ।’’ उन्होंने कुछ दिन पहले वाजिद को कोविड-19 होने की पुष्टि होने की जानकारी भी दी।
42 साल के वाजिद के पीछे उनकी पत्नी यास्मीन और दो बच्चे हैं। यास्मीन और वाजिद ने साल 2003 में शादी की थी। इन दोनों कपल्स का एक बेटा और एक बेटी हैं। वाजिद के जाने के गम में उनका परिवार सदमे में है। परिवार वालों के लिए यह यकीन करना बेहद मुश्किल है कि उनके घर का यह सितारा अब इस दुनिया में नहीं है। उनके बच्चे और वाइफ इस खबर से हैरान और शॉक्ड है। बच्चों की नजरें अभी भी अपने अब्बा को तलाश रहीं हैं।
अपने करियर की शुरुआत साल 1998 में सलमान खान की फिल्म 'प्यार किया तो डरना क्या' से करने वाले वाजिद ने बॉलीवुड को कई सुपरहिट गाने दिए। वाजिद ने 7-8 साल की उम्र से म्यूजिक सीखना शुरू कर दिया था। इतनी कम उम्र में वाजिद के निधन से हर तरफ शोक की लहर है।