साजन के बाद सलमान खान दो हीरो वाले प्रोजेक्ट क्यों ठुकराने लगे थे?, अभिनेत्रियां नाम सुन भड़क उठती थीं
By अनिल शर्मा | Published: December 27, 2022 05:08 PM2022-12-27T17:08:12+5:302022-12-27T17:22:32+5:30
सलमान खान आज 57 बरस के हो गए। तीन दशक से ज्यादा उनको फिल्मों में आए हो गए। इस दौरान सलमान के साथ कई विवाद भी जुड़े लेकिन आज भी वह बिकाऊ और कइयों के चहेते अभिनेता हैं।
सलमान खान आज 57 बरस के हो गए। तीन दशक से ज्यादा उनको फिल्मों में आए हो गए। इस दौरान सलमान के साथ कई विवाद भी जुड़े लेकिन आज भी वह बिकाऊ और कइयों के चहेते अभिनेता हैं। कहा जाता है कि जब सलमान खान ने पिता से फिल्मों में आने की बात कही तो सलीम खान ने उन्हें मजाक में व्यंग्य करते हुए कहा था कि अभिनय करना उतनी सीधी बात नहीं है, वह इसका ख्याल छोड़ दें। बस पिता के उसी मजाकिया वाक्य को सलमान ने एक चैलेंज के रूप में ग्रहण कर लिया और निर्माताओं के दरवाजे खटखटाने शुरू कर दिए। और साल 1988 में जे.के. बिहारी की फिल्म 'बीबी हो तो ऐसी' में मौका मिल गया।
सलमान मूडी हैं
सलमान खान बहुत मूडी हैं। यही वजह है कि विवादों ने हर वक्त उनका पीछा किया और व्यक्तिगत जीवन से लेकर पारिवारिक और करियर में उन्हें कटु अनुभवों से दो-चार होना पड़ा। जिन हीरोइनों के साथ उन्होंने शुरुआती दौर में काम किया वे दोबारा उनके साथ काम करने से मना करती रहीं। वह सलमान का नाम सुनते ही भड़क उठती थीं, सिवाय श्रीदेवी के।
सलमान का नाम सुन भड़क उठती थीं अभिनेत्रियां
90 के दशक में सलमान ने जब श्रीदेवी के साथ चांद का टुकड़ा में काम किया तो श्रीदेवी उन्हें हैंडसम और मेहनती मानती थीं लेकिन बाकी की अभिनेत्रियां उन्हें बिल्कुल भी पसंद नहीं करती थीं। फिल्म कुर्बान की अभिनेत्री आयशा जुल्का ने सलमान के साथ काम करने के बाद कहा था कि मैं अब उसके साथ कभी भी काम नहीं करूंगी। इसी तरह समन बेवफा की नायिका चांदनी ने सलमान को बेहद अक्खड़ और जिद्दी बताते हुए कहा था कि उसने सनम बेवफा के दौरान हर तरह से परेशान किया। उसे जरा भी समझ नहीं है।
रवीना ने कहा था- मैं सलमान की धौंस नहीं सहूंगी
रवीना टंडन तो खुलेआम कहा करती थीं कि वह सलमान की धौंस हीं सहेंगी। टाइम्स ऑफ इंडिया को दिए इंटरव्यू में रवीना ने बताया था कि सलमान और वह दोनों ही एक दूसरे को देखते ही काटने को दौड़ते थे। सलमान के साथ रवीना ने अपनी फिल्म पत्थर के फूल की थी और इस फिल्म में दोनों के इतने झगड़े हुए कि दोनों ने साथ काम न करने की कसम खा लिया था।
साजन के बाद दो हीरो वाले प्रोजेक्ट ठुकरा देते थे सलमान
इसी दौरान सलमान की साजन भी आई। साजन बड़ी हिट साबित हुई। फिल्म में दो हीरो थे- सलमान और संजय दत्त। इस फिल्म में सलमान खान और माधुरी ने पहली बार साथ काम किया था। कहा जाता है कि साजन के बाद से सलमान ने दो हीरो वाले प्रोजेक्ट ठुकराने लगे थे। वे कहते थे 'जब मैं अकेला अपने कंधों पर फिल्म ढो सकता हूँ, तो मुझे दूसरे हीरो की सहायता की क्या जरूरत है।सलमान ने कहा था कि जिस फिल्म में दो हीरो होते हैं, उसमें दोनों के लिए संभावनाएँ कम हो जाती हैं।'