रणवीर सिंह के खिलाफ न्यूड फोटोशूट पर FIR: कौन से कानून के तहत हुई कार्रवाई, क्या इससे पहले भी ऐसे मामलों में हुआ ऐसा, जानिए
By मेघना सचदेवा | Published: July 28, 2022 02:02 PM2022-07-28T14:02:30+5:302022-07-28T14:03:13+5:30
फिल्म अभिनेता रणवीर सिंह ने हाल ही में पेपर मैग्जीन के लिए एक फोटोशूट किया था। रणवीर सिंह ने सोशल मीडिया पर इन तस्वीरों को शेयर किया था। तस्वीरों में फिल्म अभिनेता बिना कपड़ों के थे जिसके बाद सोशल मीडिया पर हंगामा मच गया। इस न्यूड फोटोशूट को लेकर रणवीर सिंह पर केस भी दर्ज हुआ है।
सोशल मीडिया के जमाने में वायरल होने के लिए कई बार कुछ हट के करने वाले कुछ ऐसा कर जाते हैं कि उनकी मुसीबत बढ़ जाती है। खैर फिल्म स्टारस को वायरल होने के लिए कुछ एसा वैसा करने की जरूरत नहीं क्योंकि उनके हजा़रो लाखों और करोड़ो फैन्स सोशल मीडिया पर उनकी तस्वीरों को वायरल कर ही देते हैं। बालीवुड अभिनेता रणवीर सिंह ने भले ही न्यूड फोटोशूट वायरल होने के मकसद से न कराया हो पर उनकी तस्वीरें वायरल भी हो रही है, वो ट्रोल भी किए जा रहे हैं और उनकी मुश्किलें भी बढ़ गई हैं।
हाल ही में पेपेर मैग्जीन के लिए किए गए न्यूड फोटोशूट का विवाद रणवीर सिंह के गले की फांस बनता जा रहा है। मामले को लेकर अभिनेता पर एफआईआर दर्ज हो गई। क्या है पूरा मामला और आखिर क्यों हुई रणवीर सिंह पर एफआईआर, क्या इससे पहले भी किसी आदमी ने न्यूड फोटोशूट कराया है अगर कराया है तो क्या तब हंगामा नहीं हुआ था। आईए जानते हैं ।
आखिर क्यों हुआ रणवीर सिंह के फोटोशूट पर विवाद?
रणवीर सिंह एक ऐसे अभिनेता हैं जो अपने कपड़ो की चाईस के लिए हमेशा जज किए जाते हैं। उनके कई फैन्स उन्हे उनके अलग स्टाइल के लिए बहुत पसंद करते हैं। हालांकि सोशल मीडिया पर उन्हे ट्रोल करने वालों की भी कमी नहीं है। हाल ही में रणवीर सिंह से सोशल मीडिया पर पेपर मैग्जीन के लिए किए गए एक फोटोशूट की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की हैं। इन फोटोज में रणवीर बिना कपड़ो के पोज करते हुए नजर आ रहे हैं। उनकी इन तस्वीरों ने सोशल मीडिया पर हंगामा मचा दिया। जहां इस फोटो को अच्छे और बुरे कमेंट्स मिल रहे थे इसी बीच अब रणवीर सिंह के न्यूड फोटोशूट के खिलाफ मुंबई के चेंबूर में एफआईआर दर्ज कराई गई है।
मुंबई स्थित श्याम मंगाराम फाउंडेशन एनजीओ के संचालक ने एफआईआर दर्ज कराते हुए आरोप लगाए हैं कि रणवीर की न्यूड फोटो से महिलाओं की भावनाऐं आहत हुई हैं। जिसके बाद रणवीर सिंह के खिलाफ आईटी एक्ट समेत आईपीसी की कई धाराओं के तहत केस दर्ज करने की मांग की गई थी। रणवीर सिंह के खिलाफ इंडियन पीनल कोड की 4 धाराओं-292, 293, 509 और 67A के तहत केस दर्ज हुआ है।
रणवीर सिंह पर लगी है कौन सी धाराऐं?
रणवीर सिंह पर न्यूड फोटो शूट मामले पर लगी धाराओं के बारे में जानना जरूरी है।
आईपीसी की इन धाराओं में धारा 292 अश्लील मटेरियल की बिक्री प्रदर्शन और सर्कुलेशन पर रोक लगाती है और इसके उल्लंघन पर सजा का प्रावधान है। कानून के मुताबिक अगर कोई चीज कामुक है या कामुकता बढ़ाती है तो अश्लील मानी जाएगी। इसमे कोई किताब, पैम्फ्लेट, पेपर राइटिंग, ड्राइंग, पेंटिंग, रिप्रेजेंटेशन या कोई अन्य चीज शामिल हो सकती है। वहीं किसी चीज का प्रभाव अगर ऐसा है कि उसे पढ़कर सुनकर और देखकर लोग भ्रष्ट हो सकते हैं तो वो अश्लील ही माना जाएगा। कानून के मुताबिक अगर इस मामले में कोई पहली बार दोषी पाया गया तो 2 साल कैद और 2000 रुपए के जुर्माने की सजा होती है। दूसरी बार दोषी पाए जाने पर 5 साल कैद और 5000 रुपए तक के जुर्माने की सजा है।
आइपीसी की धारा 293 के तहत अगर 20 साल से कम उम्र के किसी व्यक्ति को अश्लील सामग्री बेची जाती है, दिखाई जाती है या बांटी जाती है तो उसपर केस दर्ज हो सकता है। इस मामले में पहली बार दोषी पाए जाने पर 3 साल कैद और 2000 रुपए की जुर्माने की सजा है। दूसरी बार दोषी पाए जाने पर 7 साल तक की सजा और 5 हजार रुपए जुर्माना भरना पड़ सकता है।
वहीं धारा 509 की बात की जाए तो अगर कोई व्यक्ति किसी महिला लज्जा भंग करने वाली कोई चीज दिखाता है या ऐसा कुछ बोलता जिससे महिला की गरिमा का अपमान हो तो इस कानून के तहत केस दर्ज होता है। इसमें 3 साल तक की कैद के साथ जुर्माना भी देना पड़ सकता है।
67ए के मुताबिक अगर कोई व्यक्ति इलेक्ट्रॉनिक मीडियम से कामुक या कामुकता को बढ़ावा देने वाला कंटेंट प्रकाशित करता है तो इस कानून के तहत केस दर्ज होता है। इस मामले में दोषी पाए जाने पर 5 साल की कैद और 10 लाख तक जुर्माना लग सकता है। जबकि दूसरी बार दोषी पाए जाने पर 7 साल की कैद और 10 लाख रुपए तक के जुर्माना की सजा हो सकती है।
क्या है भारत में अश्लीलता को लेकर बना कानून?
भारत में भले ही अश्लीलता को लेकर कानून है लेकिन सवाल ये है कि आखिर कामुक या कामुकता पैदा करने वाली कौन-कौन सी चीजे हैं। किसी की न्यूड तस्वीर अश्लील है तो सोशल मीडिया पर कई जगह इस तरह का कंटेंट प्रकाशित होता है उनमें से क्या-क्या अश्लील है। क्या उन पर केस दर्ज हुआ है जो इस तरह का कंटेटं सोशल मीडिया पर परोस रहे हैं।
दरअसल, भारत में अश्लीलता को लेकर जो कानून है उसमें कामुक कामुकता किसे माना जाए इसको लेकर साफ परिभाषा नहीं है और इसकी व्याख्या करने का अधिकार कोर्ट पर छोड़ दिया गया है।
आमिर खान और करीना कपूर भी हो चुका है केस दर्ज
ये कोई पहला मामला नहीं है जब किसी की न्यूड या सेमी न्यूड तस्वीरों को लेकर विवाद हुआ हो। चाहे वो महिला हो या पुरूष कुछ ऐेसे विवाद हैं जो न्यूड फोटो ये ही जुड़े हैं। सबसे पहले बात करते हैं 2014 के अवीक सरकार वर्सेस स्टेट ऑफ बंगाल केस की। ये केस जर्मनी के टेनिस खिलाड़ी बोरिस बेकर की मंगेतर बारबरा फेल्टस के साथ सेमी न्यूड पोज देने वाली एक तस्वीर से जुड़ा था।
विवाद के बाद भारत में एक अखबार और मैगजीन ने बेकर और बारबरा की उन तस्वीरों को फिर से पब्लिश कर दिया था। हालांकि मामले को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई करते हुए कहा था कि अश्लीलता के सवाल को उस संदर्भ में देखा जाना चाहिए जिसमें तस्वीर दिखाई गई हो और वह मैसेज जो वह देना चाहती हो। कोर्ट ने इन तस्वीरों को अश्लील नहीं माना था।
नवंबर 2020 की बात जाए तो मॉडल और एक्टर मिलिंद सोमन गोवा में बीच के किनारे न्यूड भागते हुए नजर आए थे। उनकी ये फोटो और वीडियो वायरल होने के बाद मिलिंद सोमन के खिलाफ भी गोवा पुलिस ने अश्लीलता फैलाने के मामले में ही केस दर्ज किया था। इसके अलावा साल 2014 में ही पीके फिल्म का एक पोस्टर सामने आया था। पोस्टर में आमिर खान न्यूड नजर आ रहे थे जिसके बाद उनपर केस दर्ज हुआ।
सोफिया हयात करीना कपूर पर भी इन ऐसे मामलों में केस दर्ज हो चुके हैं। जबकि 2020 में पूनम पांडे पर भी गोवा में न्यूड फोटोशूट कराने पर केस दर्ज हुआ था।
रणवीर सिंह के न्यूड फोटोशूट मामले पर हुए विवाद के बाद तमाम बॉलीवुड अभिनेता उनके सपोर्ट में आ गए हैं। कई पुराने मामलों की तरह रणवीर सिंह के पास भी कोर्ट जाने का विकल्प है। हालांकि अभी ये विवाद थमता नजर नहीं आ रहा।