Oscars 2026 Live Updates: 98वें ऑस्कर पुरस्कार समारोह का आयोजन लॉस एंजिल्स के हॉलीवुड स्थित डॉल्बी थिएटर में हुआ। भारत में इसका सीधा प्रसारण भारतीय समयानुसार सुबह 4:30 बजे रेड कार्पेट इवेंट के साथ शुरू हुआ, जिसके बाद पुरस्कार वितरण समारोह हुआ। हॉलीवुड अभिनेता माइकल बी. जॉर्डन को फिल्म ‘सिनर्स’ में उनके दमदार अभिनय के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का ऑस्कर खिताब प्रदान किया गया। इस फिल्म को रिकॉर्ड 16 अकादमी पुरस्कारों के लिए नामित किया गया था। पिछले साल के विजेता एड्रियन ब्रॉडी ने रविवार रात जॉर्डन के नाम की घोषणा की।
इस वर्ष ऑस्कर समारोह की मेजबानी लेट-नाइट होस्ट कॉनन ओ'ब्रायन कर रहे हैं, जिन्होंने 2025 के शो की भी मेजबानी की थी। अभिनेत्री-निर्माता प्रियंका चोपड़ा ने ऑस्कर विजेता जेवियर बार्डेम के साथ सर्वश्रेष्ठ अंतर्राष्ट्रीय फीचर फिल्म का ऑस्कर पुरस्कार प्रदान किया।
ब्लैक पैंथर के निर्देशक रयान कूगलर की फिल्म 'सिनर्स', जिसे इस सीजन में 16 नामांकन के साथ पुरस्कारों की दौड़ में सबसे आगे माना जा रहा था, केवल चार पुरस्कार ही जीत सकी। ये पुरस्कार हैं सर्वश्रेष्ठ मूल पटकथा, सर्वश्रेष्ठ मूल संगीत, सर्वश्रेष्ठ छायांकन और माइकल बी जॉर्डन के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार है।
सबसे बड़ी विजेता फिल्म 'वन बैटल आफ्टर अनदर' रही, जिसने सर्वश्रेष्ठ फिल्म का शीर्ष पुरस्कार और पांच अन्य पुरस्कार अपने नाम किए। फिल्म को जिन अन्य श्रेणियों में पुरस्कार मिले, वे हैं: सर्वश्रेष्ठ कास्टिंग, सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री, सर्वश्रेष्ठ रूपांतरित पटकथा, पॉल थॉमस एंडरसन के लिए सर्वश्रेष्ठ निर्देशक और सर्वश्रेष्ठ संपादन।
सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के ऑस्कर की प्रबल दावेदार जेसी बकले ने यह पुरस्कार जीता। सर्वश्रेष्ठ पोशाक, सर्वश्रेष्ठ हेयरस्टाइलिंग और मेकअप, और सर्वश्रेष्ठ प्रोडक्शन डिज़ाइन में तीन पुरस्कार जीतकर, फ्रेंकस्टीन 98वें अकादमी पुरस्कारों में तीसरी सबसे बड़ी विजेता बनकर उभरी।