पोर्नोग्राफी मामलाः राज कुंद्रा और रयान थोर्पे की जमानत याचिका कोर्ट ने की खारिज
By अनिल शर्मा | Published: July 28, 2021 03:48 PM2021-07-28T15:48:28+5:302021-07-28T15:58:24+5:30
मामले में अब तक 11 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। वहीं क्राइम ब्रांच के अलावा ईडी भी संबंधित चीजों की जांच कर रही है। क्राइम ब्रांच ने राज कुंद्रा की पत्नी शिल्पा शेट्टी का भी बयान दर्ज किया है।
अश्लील फिल्मों के निर्माण और ऐप द्वारा उसके प्रसारण के आरोप में गिरफ्तार उद्योगपति राज कुंद्रा की कोर्ट ने जमानत याचिका खारिज कर दी है। गौरतलब है कि बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी के पति राज कुंद्रा को 19 जुलाई को पोर्नोग्राफी केस में गिरफ्तार किया गया था। राज कुंद्रा 14 दिन की न्यायिक हिरासत में है। इस बीच मुंबई की एस्प्लेनेड कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। कोर्ट ने पोर्नोग्राफी मामले में राज कुंद्रा और उनके आईटी प्रमुख रयान थोर्पे की जमानत याचिका को खारिज कर दिया है।
बता दें, इससे पहले बॉम्बे हाईकोर्ट ने मंगलवार को कहा था कि वो बिना अभियोजन पक्ष को सुने राज कुंद्रा को राहत देने वाला कोई आदेश नहीं दे सकता। अब हाईकोर्ट में इस केस की अगली सुनावई 29 जुलाई को होगी। राज कुंद्रा पोर्नोग्राफी मामले में हर रोज नए खुलासे हो रहे हैं। कई अभिनेत्रियों ने भी खुलकर कुंद्रा के खिलाफ बोले हैं। राज कुंद्रा की कंपनी वियान के चार कर्मचारियों को भी सरकारी गवाह बनाया गया है। उन्होंने कहा था कि राज कुंद्रा का केस में नाम आने पर सर्वर से पोर्न कंटेंट को डिलीट करने को कहा गया था।
Mumbai's Esplanade Court rejects bail pleas of Raj Kundra and Ryan Thorpe in pornography case pic.twitter.com/5F3hwrNExG
— ANI (@ANI) July 28, 2021
मामले में अब तक 11 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। वहीं क्राइम ब्रांच के अलावा ईडी भी संबंधित चीजों की जांच कर रही है। क्राइम ब्रांच ने राज कुंद्रा की पत्नी शिल्पा शेट्टी का भी बयान दर्ज किया है। पोर्न वीडियो केस में पुलिस ने राज कुंद्रा के घर और दफ्तर में छानबीन की थी जिसमें उन्हें भारी मात्रा में डेटा बरामद हुआ है। वहीं कुंद्रा के घर से इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स और कई डिवाइसेस मिली हैं, जिसके बिना पर केस को और मजबूती मिलेगी। रिपोर्ट के मुताबिक पोर्न वीडियोज से कुंद्रा हर रोज लाखों कमाते थे।