'जीवन किसी चमत्कार से कम नहीं है', सूर्यवंशी निर्देशक रोहित शेट्टी के अपने थिएटर पहुंचने पर बोले आशीष चंचलानी
By अनिल शर्मा | Published: November 9, 2021 01:28 PM2021-11-09T13:28:22+5:302021-11-09T13:42:56+5:30
सूर्यवंशी निर्देशक के थिएटर पहुंचने को लेकर यूट्यूबर आशीष चंचलानी ने आभार व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक लंबा नोट लिखा है।
मुंबईः सूर्यवंशी के निर्देशक रोहित शेट्टी के अपने थिएटर पहुंचने पर मशहूर यूट्यूबर आशीष चंचलानी काफी भावुक हुए। चंचलानी ने रोहित शेट्टी का अपने थिएटर पर स्वागत करते हुए एक वीडियो साझा किया और लिखा है कि जीवन किसी चमत्कार से कम नहीं है। उन्होंने कहा कि आज मेरा पूरा परिवार भावुक है।
आशीष ने अपने इंस्टाग्राम पर रोहित के दौरे की कई तस्वीरें भी पोस्ट की हैं। आशीष चंचलानी का थिएटर महाराष्ट्र के उनके गृहनगर उल्हासनगर स्थित है। सोमवार को रोहित शेट्टी यहीं पहुंचे थे। वीडियो में रोहित अपनी गाड़ी से उतरते हैं जिनका आशीष गले लगकर स्वागत करते हैं। वहीं रोहित को देखने भीड़ भी उमड़ पड़ी।
सूर्यवंशी निर्देशक के थिएटर पहुंचने को लेकर यूट्यूबर आशीष चंचलानी ने आभार व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक लंबा नोट लिखा।
चंचलानी ने लिखा- एक कमरे में वीडियो बनाने से लेकर रोहित शेट्टी को उल्हासनगर लाने तक, जीवन किसी चमत्कार से कम नहीं है। मेरा पूरा परिवार आज बेहद भावुक है। क्या दिन है! अपना वादा निभाने के लिए रोहित शेट्टी को धन्यवाद, आप अपनी शानदार रचना के साथ दुनिया के किसी भी स्थान पर जा सकते थे, लेकिन आपने पहले मेरे सिनेमा में कदम रखने का फैसला किया। आप लोगों और उनके संबंधों की परवाह करते हैं और यही कारण है कि इतने सारे लोग आपसे प्यार और सम्मान करते हैं। इस शानदार यात्रा के लिए #acvians को धन्यवाद।
गौरतलब है कि अक्षय कुमार और कैटरीना कैफ की मुख्य भूमिकाओं वाली सूर्यवंशी 5 नवंबर को रिलीज हुई है। फिल्म सभी थिएटर्स में हाउसफुल चल रही है। फिल्म ने दो दिन में 50 करोड़ का जादुई आंकड़ा पार किया था। फिल्म ने अब तक 77 करोड़ रुपये से उपर की कमाई कर ली है।