मुंबईः बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन (Amitabh Bacchan) टेलीविजन के पॉपुलर शो 'कौन बनेगा करोड़पति' (Kaun Banega Crorepati) को लेकर विवादों में हैं। दरअसल, उत्तर प्रदेश के लखनऊ में अमिताभ बच्चन और कौन बनेगा करोड़पति के मेकर्स के खिलाफ केस दर्ज कराया गया है।
अमिताभ बच्चन और केबीसी के मेकर्स पर हिंदुओं की भावनाओं को चोट पहुंचाने का आरोप लगाया गया है। कौन बनेगा करोड़पति शो के दौरान अमिताभ बच्चन (Amitabh Bachchan) ने एक सवाल पूछा था। सोशल मीडिया से लेकर हर जगह इसकी चर्चा हो रही है।
कौन बनेगा करोड़पति में 'मनु स्मृति' को लेकर एक सवाल पूछा गया था। इस एपिसोड में सामाजिक कार्यकर्ता बेजवाड़ा विल्सन (Bezwada Wilson) और अभिनेता अनूप सोनी अतिथि के रूप में आए थे। वह सवाल ये था- 25 दिसंबर, 1927 को डॉ. बी. आर. आंबेडकर और उनके अनुयायियों ने किस धर्मग्रंथ की प्रतियां जलाई थीं?' इसके लिए चार विकल्प दिए गए-A) विष्णु पुराण B) भगवत गीता C) ऋग्वेद D) मनु स्मृति।
इस सवाल का जवाब देने के बाद, अमिताभ बच्चन ने यह भी कहा कि 1927 में डॉ. बी. आर अंबेडकर ने जातिगत भेदभाव और छुआछूत को वैचारिक रूप से सही ठहराने के लिए प्राचीन हिंदू ग्रंथ 'मनु स्मृति' की निंदा की थी और उन्होंने इसकी प्रतियां जला दी थीं। हालांकि, यह सवाल नेटिजन्स को पसंद नहीं आया, कई लोगों ने शो पर वामपंथी प्रचार करने के आरोप लगाने शुरू कर दिए हैं। जबकि अन्य ने इसे हिंदू भावनाओं को आहत करने वाला बताया है। इस सवाल के खिलाफ कौन बनेगा करोड़पति (KBC) और इसके मेजबान अमिताभ बच्चन के खिलाफ लखनऊ में एक प्राथमिकी (FIR) भी दर्ज की गई है।