दिलीप कुमार को अस्पताल से मिली छुट्टी, स्ट्रैचर पर चूमती नजर आईं सायरा बानो
By अनिल शर्मा | Published: June 11, 2021 03:06 PM2021-06-11T15:06:24+5:302021-06-11T15:41:42+5:30
जाने-माने अभिनेता दिलीप कुमार को शुक्रवार को अस्पताल से छुट्टी मिल गई। इसकी जानकारी दिलीप कुमार के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से दी गई है। वहीं पैपरॉजी ने भी दिलीप कुमार की अस्पताल के बाहर की तस्वीरें कैद कर ली है। जिसमें सायरा बानो दिलीप कुमार को चूमती नजर आ रही हैं। दिलीप कुमार के आधिकारिक ट्विटर अकाउंटर पर कहा गया,‘‘ आप सभी की दुआओं से दिलीप साहब अस्पताल से घर जा रहे हैं। आपका अपार प्यार और स्नेह हमेशा साहब के दिल को छू जाता है।’’
बता दें, दिलीप कुमार (98) को सांस लेने में दिक्कत होने पर पांच दिन पहले मुंबई के खार स्थित हिंदुजा अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनके फेफड़ों के बाहर पानी भर गया था, जिसे बुधवार को चिकित्सकों ने सफलतापूर्वक निकाल दिया था। उनके फेफड़े से करीब 350 मिलीलीटर पानी निकाला गया। तबीयत में सुधार होने पर आज उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
गौरतलब है कि दिलीप कुमार को पहले बृहस्पतिवार को अस्पताल से छुट्टी दी जानी थी लेकिन परिवार और चिकित्सकों ने कुमार को एक दिन और अस्पताल में रखने का फैसला किया। ‘मुगल-ए-आजम’, ‘देवदास’, ‘नया दौर’, ‘राम और श्याम’ जैसी बहुचर्चित फिल्मों में प्रमुख भूमिका निभाने वाले दिग्गज अभिनेता को पिछले महीने भी नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए इसी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। दिलीप कुमार आखिरी बार 1998 में प्रदर्शित फिल्म "किला" में नजर आए थे।