लाइव न्यूज़ :

maharashtra result 2025 declared: परीक्षा परिणामों पर नहीं होती राजनीति, बड़ा बदलाव देखने नहीं मिला

By Amitabh Shrivastava | Updated: May 17, 2025 05:55 IST

maharashtra result 2025 declared: आश्चर्यजनक है कि चुनाव से लेकर दुनिया में अनेक विषयों में परिणाम उलट जाते हैं. वे समय के साथ बदल जाते हैं.

Open in App
ठळक मुद्देपरीक्षाओं के नतीजों में राज्य के शिक्षा संभागों की स्थिति यथावत रही. परीक्षाओं के दृष्टिकोण से शिक्षा के क्षेत्र में कोई गंभीर बदलाव दिखाई नहीं देता है.

maharashtra result 2025 declared: पिछले कुछ सालों की तुलना में इस बार महाराष्ट्र बोर्ड की दसवीं और बारहवीं की परीक्षाओं के परिणाम अपेक्षित समय से पहले ही घोषित कर दिए गए. बीते सालों में दसवीं-बारहवीं बोर्ड में से किसी एक के परिणाम की देरी होने की संभावना रहती थी. इस बार देरी का सवाल सामने नहीं आया और फटाफट दोनों परीक्षाओं के नतीजे विद्यार्थियों को मिल गए. यूं तो समय की दृष्टि से परिवर्तन आया, लेकिन नजर में समग्र परिणामों में बड़ा बदलाव देखने नहीं मिला. शिक्षा के मोर्चे पर अनेक प्रयोग और प्रयास होने के बावजूद महाराष्ट्र की दो महत्वपूर्ण परीक्षाओं के नतीजों में राज्य के शिक्षा संभागों की स्थिति यथावत रही. आश्चर्यजनक है कि चुनाव से लेकर दुनिया में अनेक विषयों में परिणाम उलट जाते हैं. वे समय के साथ बदल जाते हैं.

मगर महाराष्ट्र में बोर्ड की परीक्षाओं के दृष्टिकोण से शिक्षा के क्षेत्र में कोई गंभीर बदलाव दिखाई नहीं देता है. राजनेता उद्योग और निवेश पर चर्चा करते हैं. समाज और संस्कृति के जतन की ठेकेदारी करते हैं, लेकिन इन सभी प्राथमिकता और आवश्यक शिक्षा के स्तर में सुधार को लेकर कोई हलचल नहीं होती है.

महाराष्ट्र बोर्ड से अब केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड(सीबीएसई) को अपनाए जाने की घोषणा के बाद स्तर में सुधार पर किसी राजनीतिक दल की पहल दिखाई नहीं दे रही है. पाठ्‌यक्रम में बदलाव के साथ नई शिक्षा नीति को अपनाने की तैयारी पूरी हो गई है, लेकिन असफलता और गुणवत्ता में कमी के कारणों की खोज अभी बाकी है.

महाराष्ट्र की बोर्ड की परीक्षाओं के परिणाम जब सामने आते हैं तो मराठवाड़ा और विदर्भ जैसे क्षेत्र नीचे नजर आते हैं. मराठवाड़ा में दो शिक्षा संभाग छत्रपति संभाजीनगर, लातूर और विदर्भ में नागपुर तथा अमरावती की स्थिति कभी नहीं सुधरती है. इसी प्रकार उत्तर महाराष्ट्र में नासिक और मुंबई संभाग बीच में कहीं अपनी जगह बनाए रखते हैं.

दूसरी ओर परीक्षा परिणामों में कोंकण, कोल्हापुर और पुणे सर्वोच्च स्थानों पर डटे रहते हैं. अब इन संभागों की ऊपरी स्थानों पर स्थिति इतनी मजबूत हो चुकी है कि कोई उनसे आगे निकलने अथवा सवाल उठाने का प्रयास तक नहीं करता है. फिर चाहे दसवीं की परीक्षा हो या फिर बारहवीं के परिणाम, सभी का रुख एक ही तरह का बना रहता है.

इसके पीछे विशेषज्ञ भले ही कोई कारण समझाएं, लेकिन मराठवाड़ा और विदर्भ के शिक्षा परिदृश्य पर सवाल खड़े किया जाना आवश्यक है. प्राथमिक स्तर से लेकर उच्च माध्यमिक स्तर तक शिक्षा की उपलब्धता के बावजूद गुणवत्ता में सुधार नहीं होना चिंताजनक है. बेरोजगारी और उच्च शिक्षा की दृष्टि से भी यही स्कूली पढ़ाई की कमी-कमजोरी बाधा बनती ही है.

उद्योगों के समक्ष मानव संसाधन के अभाव के चलते बाहरी लोगों का आना और स्थानीय जन के साथ अन्याय प्रतीत होना एक नियति बन चुकी है. इस विषय पर चिंतन तो बहुत दूर राजनीतिक दलों की खामोशी भी टूटती नहीं है. यदि सरकार अथवा राजनीति की दृष्टि से देखा जाए तो मराठवाड़ा और विदर्भ कभी कमजोर नहीं रहा.

दोनों क्षेत्रों से मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री और अनेक विभागों के मंत्री हुए हैं. कोई भी सरकार दोनों इलाकों को अनदेखा नहीं कर पाई है. वर्तमान स्थिति भी यही बात दर्ज करती है. किंतु परीक्षा परिणामों के बाद कोई नेता दोनों क्षेत्रों की परिस्थिति पर टिप्पणी करने से कतराता है. दोनों क्षेत्रों में निजी और सरकारी स्कूलों की संख्या हजारों में है.

निजी क्षेत्र के पास आधारभूत संसाधनों की भी कमी नहीं है. उनमें सभी माध्यमों में हर प्रकार की शिक्षा दी जाती है. ‘कोचिंग क्लासेस’ का अपना मजबूत जाल बिछा हुआ है. निजी स्कूलों और कोचिंग में पढ़ाई की फीस भी अच्छी खासी ली जाती है. मगर परिणामों में पिछड़ेपन का कारण अपनी जगह बना रहता है. सरकार और राजनेता मेधावी विद्यार्थियों की पीठ थपथपा कर अपनी जिम्मेदारी को पूरा मान लेते हैं.

वे यह देखने का प्रयास नहीं करते हैं कि कुल परिणामों की स्थिति अपरिवर्तित ही है. उसे बेहतर बनाने के लिए उपाय किस प्रकार किए जाएं. बीते सालों में स्कूलों में विद्यार्थियों की संख्या को लेकर अभियान चलाया गया और फर्जी नामों को हटाया गया. नकल को समाप्त करने के लिए उपाय किए गए, जिनमें विवादास्पद केंद्रों को बंद किया गया.

नकल रोकने के लिए राजस्व विभाग की भूमिका को बढ़ाया गया. इस वर्ष शिक्षकों को भी दूसरे स्कूलों में पर्यवेक्षक बनाया गया. परिणाम स्वरूप नकल के कुछ मामले कम हुए. फिर भी परिणामों की दृष्टि से शिक्षा का स्तर वहीं रहा. स्पष्ट है कि दस-बीस साल के परिणामों को देखने के बाद भी यदि शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार पर कोई चर्चा नहीं होती है तो उसके पीछे राजनीतिक इच्छाशक्ति का कम होना बड़ा कारण है. कोई नेता मराठवाड़ा और विदर्भ में बोर्ड परीक्षा परिणामों की सूची में अपने क्षेत्र के संभागों को ऊपरी स्थानों पर लाने का लक्ष्य नहीं रखता है.

दूसरी ओर निचली पायदानों पर आने के कारणों की जानकारी नहीं ली जाती है. स्कूलों में शिक्षकों की स्थिति की समीक्षा नहीं की जाती है. शिक्षा का स्तर पेशेवर ढंग से जांचा-परखा नहीं जाता है. लगातार ऊपर आने वाले संभागों से कोई प्रेरणा नहीं ली जाती है. कहीं न कहीं ये बातें सिद्ध करती हैं कि शिक्षा की गुणवत्ता सरकार या राजनेताओं की प्राथमिकता में नहीं है.

परीक्षा परिणामों के नाम पर भी कभी राजनीति कर लेने की उनके मन में कोई इच्छा नहीं है. जिसका लगातार नुकसान नई पीढ़ी को हो रहा है. वह जब किसी योग्य बनती है तो वह प्रतिस्पर्धा में पिछड़ने लगती है. उसे अपनी शिक्षा में गुणवत्ता का अभाव एक बड़ा कारण समझ में नहीं आता है. वह समता और समानता की बात तो मन में रखता है, लेकिन अपने जीवन में शिक्षा के दौरान हुए समझौते को नहीं जान पाता है. शायद वह उसके बस में नहीं था.

टॅग्स :महाराष्ट्रपरिणाम दिवस
Open in App

संबंधित खबरें

भारतNagpur: समर कैम्प से भागे किशोर 30 किमी दूरी पर मिले, स्कूल प्रबंधन को पता ही नहीं चला बच्चे कैम्प में नहीं

क्राइम अलर्टNagpur Crime: दोस्त ने ही रेत दिया नाबालिग का गला, वाजपेयी नगर में हुई वारदात

भारतमहाराष्ट्र सरकारी कर्मचारियों पर क्या थोपी जा रही है हिंदी? राज्य कर्मचारियों के लिए नई परीक्षा अधिसूचना से राजनीतिक विवाद खड़ा हुआ

क्राइम अलर्टMumbai Birth Certificate Scam: 87,000 से ज़्यादा नकली दस्तावेज़ों की जांच के लिए SIT गठित

भारतBy-Poll Results Update: 5 राज्य और 7 सीट, बीजेपी खाते में 4, एनसीपी के पास 1 और कांग्रेस ने 2 सीट पर किया कब्जा

भारत अधिक खबरें

भारतपश्चिम बंगाल में चुनाव के बाद हुई हिंसा को लेकर 200 FIR, 433 गिरफ्तार, डीजीपी सिद्धार्थ नाथ गुप्ता ने दी जानकारी

भारतBJP सरकार के तहत TMC के हर गुंडे को उनके अत्याचारों के लिए जवाबदेह ठहराया जाएगा, शपथ ग्रहण समारोह से पहले बोले सुवेंदु अधिकारी

भारतसुवेंदु अधिकारी बोले- कोई हिंसा नहीं, कानून के तहत होगी कार्रवाई

भारत'BJP के पास पूरी मशीनरी', बंगाल नतीजों पर प्रतिक्रिया, तेजस्वी यादव का बयान...

भारतBihar: नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार कल बनाए जा सकते हैं सम्राट कैबिनेट में मंत्री