Nagpur Crime: दोस्त ने ही रेत दिया नाबालिग का गला, वाजपेयी नगर में हुई वारदात
By फहीम ख़ान | Updated: May 6, 2026 17:08 IST2026-05-06T17:08:25+5:302026-05-06T17:08:39+5:30
मृतक की पहचान जोहरान मुस्तफा शेख (17) के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, सोमवार, 5 मई की रात जोहरान को उसके एक नाबालिग दोस्त का फोन आया.

Nagpur Crime: दोस्त ने ही रेत दिया नाबालिग का गला, वाजपेयी नगर में हुई वारदात
नागपुर : शहर में नाबालिगों के बीच बढ़ती हिंसा का एक और खौफनाक मामला सामने आया है. कलमना थाना क्षेत्र के वाजपेयी नगर में एक नाबालिग लड़के की उसके ही दोस्त ने चाकू से हमला कर हत्या कर दी. वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है.
मृतक की पहचान जोहरान मुस्तफा शेख (17) के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, सोमवार, 5 मई की रात जोहरान को उसके एक नाबालिग दोस्त का फोन आया. आरोपी ने उसे वाजपेयी नगर स्थित अशरफी मस्जिद के पीछे मैदान में मिलने बुलाया. जोहरान अपनी मां सोनिया मुस्तफा शेख (40) से जल्द लौटने की बात कहकर घर से निकला था.
बताया जा रहा है कि मैदान में पहुंचते ही दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया. इसी दौरान आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जोहरान के गले, सिर और कान पर चाकू से कई वार कर दिए. गंभीर रूप से घायल जोहरान को आरोपी वहीं छोड़कर फरार हो गया.
काफी देर तक बेटा घर नहीं लौटा तो मां ने उसके दोस्तों और परिचितों से पूछताछ शुरू की. आसपास तलाश करने पर जोहरान सुनसान मैदान में लहूलुहान हालत में पड़ा मिला. सूचना मिलते ही कलमना पुलिस मौके पर पहुंची और उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.
जांच के दौरान पुलिस ने मोबाइल और सोशल मीडिया के जरिए आरोपी तक पहुंच बनाई और उसे हिरासत में ले लिया. सूत्रों के अनुसार, एक लड़की को लेकर चल रहे एकतरफा प्रेम प्रसंग के कारण यह खूनी हमला किया गया. पुलिस ने सोनिया शेख की शिकायत पर नाबालिग आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.