लाइव न्यूज़ :

संतुलित जीवनशैली से कैंसर पर अंकुश संभव

By लोकमत समाचार ब्यूरो | Updated: February 4, 2025 06:37 IST

इसके अलावा कुछ आनुवंशिक कारणों से भी कैंसर होने की संभावना रहती है,

Open in App

देवेंद्रराज सुथार

कैंसर के बारे में जनमानस को जागरूक करने और इस जानलेवा बीमारी से निपटने के लिए प्रभावी कदम उठाने के उद्देश्य से हर साल 4 फरवरी को विश्व कैंसर दिवस मनाया जाता है. इस दिन की शुरुआत सन्‌ 2000 में यूनियन फॉर इंटरनेशनल कैंसर कंट्रोल द्वारा की गई थी. कैंसर दुनिया भर में मौत का दूसरा सबसे बड़ा कारण है, जो हर साल लाखों लोगों की जान लेता है.

वर्ष 2025 में विश्व कैंसर दिवस की थीम ‘यूनाइटेड बाय यूनिक’ है, जो कैंसर के खिलाफ लड़ाई में व्यक्तिगत और रोगी-केंद्रित देखभाल की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालती है. यह थीम बताती है कि हर कैंसर रोगी की स्थिति अलग होती है, इसलिए उनके उपचार की रणनीति भी अलग होनी चाहिए. भारत में कैंसर के मामले लगातार बढ़ रहे हैं और यह देश की स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए एक गंभीर चुनौती बन गया है.

भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद के अनुसार, 2022 में भारत में कैंसर के 14.6 लाख नए मामले सामने आए और 2025 तक यह संख्या 15.7 लाख तक पहुंचने की आशंका है. पुरुषों में फेफड़े, मुंह और प्रोस्टेट कैंसर अधिक आम हैं, जबकि महिलाओं में स्तन, गर्भाशय ग्रीवा और डिम्बग्रंथि के कैंसर प्रमुख हैं.

कैंसर की बढ़ती दर के कई कारण हैं, जिनमें सबसे बड़ा कारण तंबाकू उत्पादों का सेवन है, जो फेफड़े, मुंह और गले के कैंसर का कारण बनता है. शराब का अत्यधिक सेवन भी लीवर, स्तन और अन्य अंगों के कैंसर का कारण बनता है. अस्वास्थ्यकर आहार (जिसमें बहुत अधिक प्रोसेस्ड और जंक फूड शामिल है) कैंसर के जोखिम को बढ़ाता है.

शारीरिक निष्क्रियता भी अहम कारण है, क्योंकि व्यायाम की कमी से मोटापा बढ़ता है, जिससे कई तरह के कैंसर का खतरा बढ़ जाता है. वायु प्रदूषण और जहरीले रसायनों के संपर्क में आना भी कैंसर को जन्म देता है. इसके अलावा कुछ आनुवंशिक कारणों से भी कैंसर होने की संभावना रहती है, लेकिन ऐसा बहुत कम मामलों में देखने को मिलता है.  कैंसर से बचाव के लिए तंबाकू और शराब का सेवन पूरी तरह से छोड़ना जरूरी है, क्योंकि ये कैंसर के सबसे बड़े कारणों में से हैं.

संतुलित आहार, जिसमें अधिक मात्रा में फल, सब्जियां, साबुत अनाज और प्रोटीन शामिल हों, कैंसर के जोखिम को कम कर सकता है. जंक फूड और प्रोसेस्ड फूड से परहेज करना भी जरूरी है. नियमित रूप से व्यायाम करना और स्वस्थ वजन बनाए रखना भी कैंसर को रोकने में मदद कर सकता है.

कुल मिलाकर कैंसर जैसी गंभीर बीमारी को जागरूकता और सही जीवनशैली अपनाकर रोका जा सकता है. कैंसर के खिलाफ लड़ाई में जागरूकता, शीघ्र निदान और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं. यदि लोग अपने स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहें और समय पर उचित कदम उठाएं तो कैंसर के मामलों में कमी लाई जा सकती है और लाखों लोगों की जान बचाई जा सकती है.

टॅग्स :कैंसरकैंसर डाइट चार्टहेल्थ टिप्सभोजन
Open in App

संबंधित खबरें

स्वास्थ्यस्तन एवं सर्वाइकल कैंसर की निःशुल्क जांच?, दिल्ली पुलिस मुख्यालय में 5वें CAPS शिविर का सफल आयोजन

स्वास्थ्यJammu-Kashmir: जम्‍मू कश्‍मीर में कैंसर का बढ़ता बोझ, 2018 से कश्मीर में 50,000 से ज्‍यादा मामले सामने आए

स्वास्थ्यविश्व स्वास्थ्य दिवसः वैज्ञानिक सोच से बदलेगी सेहत की तस्वीर

स्वास्थ्यपुष्पा… नाम सुनकर फ्लावर समझे क्या? फायर है मैं…”

स्वास्थ्यसन फार्मा ने लॉन्च किया ‘हार्ट के लिए 8- मेकिंग इंडिया हार्ट स्ट्रॉन्ग’ कैंपेन, दिल के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए भारतीयों से रोजाना में अच्छी आदतें अपनाने का आग्रह

स्वास्थ्य अधिक खबरें

स्वास्थ्यबांग्लादेश खसरा प्रकोपः 100 से अधिक बच्चों की मौत?, मार्च से अब तक 900 से अधिक केस, खसरा-रूबेला का आपातकालीन टीकाकरण अभियान चलाया?

स्वास्थ्यऑटिज्म : समझ और स्वीकार्यता की जरूरत

स्वास्थ्यफोर्टिफाइड चावल : पोषण या स्वास्थ्य पर संकट ?

स्वास्थ्यचीनी का सेवन कम कीजिए और खाना बनाते समय तेल का प्रयोग 10 प्रतिशत तक घटाएं?, प्रधानमंत्री मोदी बोले-छोटे प्रयास करिए और मोटापे को दूर भगाएं?

स्वास्थ्यरात में सिर्फ़ 11 मिनट ज़्यादा सोने से हार्ट अटैक का खतरा हो सकता है कम