बिहारः ईडी ने जदयू विधान पार्षद राधाचरण सेठ को किया अरेस्ट, ऊर्जा मंत्री विजेंद्र यादव ने भाजपा की साजिश बताया
By एस पी सिन्हा | Published: September 14, 2023 04:56 PM2023-09-14T16:56:46+5:302023-09-14T16:57:38+5:30
संसद के विशेष सत्र को लेकर विजेंद्र यादव ने कहा कि इसमें वन-नेशन-वन इलेक्शन पर जब बात नहीं होगी तो कमेटी क्यों बनाई?

सांकेतिक फोटो
पटनाः बिहार में सत्तारूढ़ दल जदयू के विधान पार्षद राधाचरण सेठ को ईडी के द्वारा गिरफ्तार किए जाने को ऊर्जा मंत्री विजेंद्र यादव ने भाजपा की साजिश बताया है। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग बारी-बारी से विपक्ष के नेता को परेशान करने के लिए काम कर रहे हैं। इसमें नया क्या है? वो तो चाहते ही हैं कि विपक्ष एकजुट न हो। लेकिन, विपक्ष एकजूट है और इसबार उनको हर तरीके से जवाब दिया जाएगा।
वहीं, संसद के विशेष सत्र को लेकर विजेंद्र यादव ने कहा कि इसमें वन-नेशन-वन इलेक्शन पर जब बात नहीं होगी तो कमेटी क्यों बनाई? ये पहले भाजपा वाले को बताना चाहिए। इस विशेष सत्र में वो लोग क्या करेगा नहीं करेगा, हम लोगों को थोड़े न अधिक कुछ बताया है। वो लोग तो सबकुछ अपनी मर्जी से कर ही रहे हैं।
वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के सीमांचल दौरे को लेकर विजेंद्र यादव ने कहा कि उनके आने या नहीं आने से बिहार में कोई फर्क नहीं पड़ने वाला नहीं है। अब बिहार की जनता उनके झूठ और ढकोसला को अच्छी तरह से समझ चुकी है। वो कहीं आए - कहीं जाएं उससे हमको क्या मतलब है? इसमें कोई फर्क थोड़े न पड़ने वाला है। हर किसी को हर जगह आने जाने का अधिकार है। इसमें कौन सी नई बात है?
इधर, ललन सिंह के बैठक में नहीं जाने और विपक्षी गठबंधन के अनबन को लेकर उन्होंने कहा कि हमारे बीच कहीं कोई भी अनबन वाली हालत नहीं है। सब कुछ सही है हम लोगों के बीच। हमारी पार्टी के तरफ से संजय झा जी वहां गए थे तो बैठक हुई और सभी चीजों पर अच्छे तरीके से बातचीत हुई है। हमारे पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह डेंगू से बीमार है, इस वजह से वो दिल्ली नहीं गए।