दक्षिण अफ्रीका: पुजारियों पर कोविड-19 पीड़ितों की अंत्येष्टि के लिए अधिक शुल्क वसूलने का आरोप

By भाषा | Published: January 24, 2021 05:10 PM2021-01-24T17:10:32+5:302021-01-24T17:10:32+5:30

South Africa: Priests charged with overcharging for funerals of Kovid-19 victims | दक्षिण अफ्रीका: पुजारियों पर कोविड-19 पीड़ितों की अंत्येष्टि के लिए अधिक शुल्क वसूलने का आरोप

दक्षिण अफ्रीका: पुजारियों पर कोविड-19 पीड़ितों की अंत्येष्टि के लिए अधिक शुल्क वसूलने का आरोप

(फाकीर हसन)

जोहानिसबर्ग, 24 जनवरी दक्षिण अफ्रीका में कुछ हिंदू पुजारियों पर कोविड-19 के कारण मरने वाले लोगों की अंत्येष्टि के लिए अधिक शुल्क वसूले जाने के आरोप लगाये गये हैं।

डरबन में क्लेयर एस्टेट क्रिमेटोरियम में प्रबंधक प्रदीप रामलाल ने ऐसा करने वाले पुजारियों की निंदा की है। उन्होंने दावा किया है कि पुजारी अंतिम संस्कार के लिए 1,200 रेंड (79 डॉलर) और 2,000 रेंड (131 डॉलर) के बीच शुल्क वसूल कर रहे हैं।

दक्षिण अफ्रीका में हिंदू धर्म एसोसिएशन के सदस्य रामलाल ने कहा कि उन्हें ऐसे अनेक परिवारों से अंत्येष्टि के लिए पुजारियों द्वारा अधिक शुल्क वसूले जाने की शिकायतें मिली हैं जिनके किसी परिजन का कोविड-19 के चलते निधन हो गया।

उन्होंने ‘वीकली पोस्ट’ समाचार पत्र में कहा, ‘‘यह सही नहीं है। हमारे शास्त्रों के अनुसार, यह समुदाय के लिए हमारी सेवा है। यदि कोई परिवार किसी पुजारी को दान देना चाहता है, तो यह ठीक है लेकिन पुजारियों को लोगों से शुल्क नहीं वसूलना चाहिए।’’

हाल के हफ्तों में, कोविड-19 के प्रकोप तथा वायरस के नए स्वरूप के कारण अंत्येष्टि स्थलों पर कर्मी दो पाली में काम कर रहे हैं।

दक्षिण अफ्रीका में भारतीय मूल के लोगों की आबादी करीब 14 लाख है।

उन्होंने समुदाय से कहा कि वे आज की कठिन परिस्थितियों में इस तरह के शोषण से बचें और अंत्येष्टि स्वयं ही कर लें, इसके लिए वे पहले से रिकॉर्डिड वीडियो की मदद ले सकते हैं।

दक्षिण अफ्रीकी हिंदू महासभा के अध्यक्ष अश्विन त्रिकमजी ने कहा कि उनके पास सभा के फेसबुक पृष्ठ पर मान्यता प्राप्त पुजारियों की एक सूची है, जिनसे परिवार बिना किसी शुल्क के अंतिम संस्कार करने के लिए संपर्क कर सकते हैं।

बीते दो महीनों में दक्षिण अफ्रीका में कोविड-19 के मामले तथा संक्रमण के कारण मौतों की संख्या बहुत तेजी से बढ़ी है।

यहां अब तक संक्रमण के 13 लाख से अधिक मामले सामने आ चुके हैं तथा संक्रमण के कारण 39,501 लोगों की जान जा चुकी है।

भारत अगले महीने तक यहां कोविड-19 टीके की 1.5 करोड़ से अधिक खुराकें भेजने वाला है।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: South Africa: Priests charged with overcharging for funerals of Kovid-19 victims

विश्व से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे