मालदीव में भीषण आग, 9 भारतीय समेत 11 की मौत, हादसे का वीडियो आया सामने
By अनिल शर्मा | Published: November 10, 2022 12:09 PM2022-11-10T12:09:09+5:302022-11-10T13:28:27+5:30
एएफपी ने एक सुरक्षा अधिकारी के हवाले से बताया कि आग में मारा गया एक अन्य व्यक्ति बांग्लादेश का नागरिक था।
मालेः मालदीव की राजधानी माले में विदेशी कामगारों के तंग आवासों में आग लगने से कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। दमकल सेवा ने कहा कि आग में 9 भारतीयों की कथित तौर पर मौत हो गई क्योंकि अधिकारियों ने आग में नष्ट हुई एक इमारत की ऊपरी मंजिल से 11 शव बरामद किए। रिपोर्ट के मुताबिक दमकल सेवा ने कहा कि आग ग्राउंड-फ्लोर वाहन मरम्मत गैरेज से उत्पन्न हुई थी। समाचार एजेंसी एएफपी के अनुसार, 11 शव बरामद हुए हैं और आग बुझाने में लगभग चार घंटे लगे।
Deadliest fire tragedy in the #Maldives. 11 dead bodies found so far. Reportedly all are migrant workers, packed in an overcrowded accommodation above a garage in the capital Male’ City. pic.twitter.com/Y9FhKSnDkz
— Save Maldives (@SaveMaldivess) November 10, 2022
भारतीय उच्चायोग ने ट्वीट किया, ‘‘ माले में आग लगने की घटना के बारे में सुनकर दुखी हैं, जिसमें कई लोगों की जान चली गई और उनमें कथित तौर पर भारतीय नागरिक भी शामिल हैं। हम मालदीव के अधिकारियों के साथ संपर्क में हैं।’’ समाचार मंच ‘सनऑनलाइन’ के अनुसार, आग देर रात करीब साढ़े 12 बजे मावियो मस्जिद के पास एम. निरूफेफी में लगी। ‘गैराज’ भूतल पर था और प्रवासी मजदूर पहली मंजिल पर रहते थे।
मालदीव राष्ट्रीय रक्षा बल आग एवं बचाव सेवा ने बताया कि इमारत से 28 लोगों को निकाला गया, जबकि नौ लोग अब भी लापता हैं। खबर के अनुसार, सात लोग मृत मिले, जबकि गंभीर रूप से झुलस गए दो लोगों को इंदिरा गांधी मेमोरियल अस्पताल ले जाया गया। दमकलकर्मियों को बाद में इमारत से दो और शव बरामद हुए। आग पर सुबह चार बजकर 34 मिनट पर काबू पाया गया। माले की आबादी 2,50,000 लाख है, जिसमें से आधे बांग्लादेश, भारत, नेपाल, पाकिस्तान और श्रीलंका से आए लोग हैं।