साल का पहला फुल मून और सुपर मून आज रात यानी 1 जनवरी, 2018 को देखने को मिलेगा। जानकारों के मुताबिक इस सुपरमून में चांद अपने सामान्य आकार से 14 प्रतिशत बड़ा और 30 प्रतिशत अधिक चमकदार होगा। 24 घंटे की टाइम साइकिल के हिसाब से यह सुपर मून अमरीका में रात नौ बजकर 24 मिनट पर अपने पूर्ण चरण पर होगा। लेकिन भारतीय वैज्ञानिकों के अनुसार यहां इसे देखने का सही समय सुबह का है जब यह अपने पश्चिमी मण्डल की ओर छिपने लगेगा।
चंद्रमा मंगलवार सुबह 3.34 पर धरती के सबसे करीब 356,565 किलोमीटर दूरी पर होगा। चंद्रमा सुबह 7.54 अस्त होगा। पूर्वी भारत के पूरी, भुवनेश्वर, कटक, भवानीपाटन, भद्रावती, रायपुर, दुर्ग, नागपुर, यवतमान, अमरावती, जालना, औरंगाबाद और नासिक से 20 डिग्री लैटिट्यूड पर दिखेगा। रायपुर, दुर्ग, नागपुर, यवतमाल, अमरावती, भुसावल, बीड, अहमदनगर, पुणे, मुंबई और सूरत में लोगों को सुपरमून अपने सिर के ठीक ऊपर लगेगा।
आपको बता दें कि सुपर मून कुछ और नहीं बल्कि चन्द्रमा की ही एक ऐसी स्थिति है जिसमें चांद धरती के काफी करीब आ जाता है। इस स्थिति में वह अपने सामान्य आकार से बड़ा और अधिक चमकदार दिखाई देता है। पिछले महीने तीन दिसम्बर को ही सुपरमून देखा गया था। जानकारों के अनुसार इस साल जनवरी के महीने में दो सुपरमून दिखेंगे। पहला आज रात और दूसरा 31 जनवरी को दिखेगा। 31 जनवरी के ही दिन चन्द्रग्रहण भी लगेगा।