लाइव न्यूज़ :

ईरानी नौसेना के सबसे बड़े युद्धपोत में लगी आग, ओमान की खाड़ी में डूबा

By भाषा | Updated: June 3, 2021 01:08 IST

Open in App

तेहरान, दो जून (एपी) ईरान की नौसेना के सबसे बड़े युद्धपोत में ओमान की खाड़ी में आग लग गई और इसके बाद बुधवार को यह डूब गया। आग लगने की वजह का अभी पता नहीं चला है।

‘फार्स’ समाचार एजेंसी ने बताया कि आग देर रात लगभग दो बजकर 25 मिनट पर लगी और दमकलकर्मियों ने इसे बुझाने की कोशिश की।

सरकारी मीडिया की खबर के अनुसार आग लगने के बाद जहाज पर सवार 400 सैनिक भाग गए जिनमें से लगभग 33 घायल हो गए।

‘फार्स’ ने बताया कि युद्धपोत ‘खर्ग’ को बचाने के प्रयास विफल हो गए। इस जहाज का नाम खर्ग द्वीप के नाम पर रखा गया है जो ईरान का मुख्य तेल टर्मिनल है।

यह जहाज ओमान की खाड़ी में तेहरान से करीब 1,270 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में जास्क बंदरगाह के पास डूब गया।

ईरान में सोशल मीडिया पर चल रही तस्वीरों में जीवनरक्षक जैकेट पहने नौसैनिकों को जहाज से निकलते हुए देखा जा सकता है और उनके पीछे आग नजर आ रही है।

‘फार्स’ की ओर से जारी वीडियो में बुधवार तड़के काले धुएं का गुबार नजर आया।

उपग्रह से ली गई तस्वीरों में ‘खर्ग’ जास्क के पश्चिम में पानी में डूबता दिखा। ‘यूएस नेशनल ओशनिक एंड एटमॉस्फेरिक एडमिनिस्ट्रेशन’ के उपग्रहों ने जास्क में एक स्थान पर आग लगते देखी।

खर्ग ईरानी नौसेना के उन चुनिंदा जहाजों में से एक था जो समुद्र में अन्य जहाजों को ईंधन मुहैया कराते हैं। यह भारी माल भी ले जा सकता था और इसमें कई हेलीकॉप्टरों के लिए लॉन्च पैड भी थे। इस जहाज का निर्माण ब्रिटेन में हुआ था और ईरान में 1979 की इस्लामिक क्रांति के बाद लंबी बातचीत कर 1984 में इसे नौसेना में शामिल किया गया था।

ईरानी अधिकारियों ने खर्ग में आग लगने की वजह नहीं बताई है।

इस बीच, ईरान कि राजधानी तेहरान के दक्षिणी हिस्से में बुधवार रात प्रमुख तेल रिफाइनरी में आग लग गई, जहां काले धुएं का गुबार देखा गया।

अधिकारी टोंगूयान पेट्रोकेमिकल कंपनी में आग लगने के कारणों की जांच कर रहे हैं। हालांकि, तत्काल इस बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी कि इस घटना में कोई घायल हुआ है या नहीं।

ओमान की खाड़ी में वाणिज्यिक जहाजों को निशाना बनाकर 2019 में शुरू हुए रहस्यमयी धमाकों की कड़ी में खर्ग से जुड़ी घटना एक ताजा घटना है।

अमेरिकी नौसेना वाणिज्यिक जहाजों को निशाना बनाए जाने का आरोप ईरान पर लगाती रही है। ईरान इन आरोपों से इनकार करता रहा है। हालांकि अमेरिकी नौसेना द्वारा जारी एक फुटेज में रेवोल्यूशनरी गार्ड के सदस्यों को एक जहाज से बिना फटी बारूदी सुरंग को हटाते हुए देखा गया था। तेहरान के साथ हुए परमाणु समझौते से अलग होने के बाद, अमेरिका और ईरान के बीच बढ़े तनाव के बाद ये घटनाएं हुईं।

खर्ग जहाज का डूबना ईरान के लिए ताजा नौसैन्य हादसा है। 2020 में ईरानी सेना के अभ्यास के दौरान जास्क बंदरगाह के समीप एक मिसाइल गलती से एक नौसैन्य जहाज से टकरा गयी थी जिससे 19 नाविकों की मौत हो गयी थी और 15 अन्य घायल हो गए थे। 2018 में ईरानी नौसेना का एक युद्धक जहाज कैस्पियन सागर में डूब गया था।

अप्रैल में भी ईरान के एक जहाज को निशाना बनाया गया था जिसका संदेह इजराइल पर जताया जाता रहा है।

इजराइल के प्रधानमंत्री कार्यालय ने ईरानी युद्धपोत खर्ग से जुड़ी घटना पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Open in App

संबंधित खबरें

विश्वईरान ने US के साथ हुए सीज़फ़ायर समझौते के तहत स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ से जहाज़ों के गुज़रने की सीमा रोज़ाना 15 जहाज़ों तक तय की

कारोबारसावधानीपूर्वक निवेश से ठोस संपत्ति की ओर: निश्चित आय वालों का भूखंड की ओर बढ़ता रुझान

क्रिकेटKKR vs LSG: विवादित कैच, बाउंड्री रोप से दिग्विजय राठी का पैर छूने के बावजूद फिन एलन को दिया गया आउट, WATCH

भारतपरिसीमन 2026: ‘I-YUVA फॉर्मूला’ के साथ संतुलित लोकतंत्र की नई दिशा

स्वास्थ्यसन फार्मा ने लॉन्च किया ‘हार्ट के लिए 8- मेकिंग इंडिया हार्ट स्ट्रॉन्ग’ कैंपेन, दिल के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए भारतीयों से रोजाना में अच्छी आदतें अपनाने का आग्रह

विश्व अधिक खबरें

विश्वईरान युद्धविराम में पाकिस्तान की मध्यस्थता की भूमिका पर उठे सवाल, नेताओं को किया गया ट्रोल

विश्वUS-Iran Ceasefire: लेबनान हमले का पलटवार, होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर बंद करेगा ईरान! भड़का अमेरिका

विश्वइस युद्धविराम के आखिर मायने क्या हैं...?

विश्वलेबनान में इजरायली हमला, 254 लोगों की मौत और 700 घायल, युद्धविराम के बावजूद अटैक जारी?

विश्वइजरायल ने किया अमेरिका के सीजफायर का समर्थन, मगर हिजबुल्लाह के खिलाफ जंग रहेगी जारी