होने वाले पति सपा नेता अनिल यादव पर लगे गंभीर आरोप तो पंखुड़ी पाठक ने कही 'मन' की बात
By पल्लवी कुमारी | Published: November 30, 2019 04:19 PM2019-11-30T16:19:36+5:302019-11-30T16:19:36+5:30
समाजवादी पार्टी (सपा) नेता अनिल यादव की पूर्व पत्नी ने शुक्रवार को उन पर जबरन तलाक लेने का आरोप लगाते हुए कहा कि बेटे को जान से मारने की धमकी देते हुए उनसे कागजों पर हस्ताक्षर कराये गए।
समाजवादी पार्टी (सपा) नेता अनिल यादव के साथ कांग्रेस की नेता पंखुड़ी पाठक एक दिसंबर को दिल्ली में शादी करने जा रही हैं। अनिल यादव की ये दूसरी शादी है। पंखुड़ी पाठक की शादी की तैयारियों के बीच में ही अनिल यादव की पहली पत्नी ने गंभीर आरोप लगाए हैं। इन आरोपों का जवाब देते हुए पंखुड़ी पाठक ने ट्वीट करते हुए लिखा, ''सत्य वह सूरज है जिसे फरेब के बादल ढक सकते हैं लेकिन बुझा नहीं सकते।' इस पोस्ट के साथ पंखुड़ी पाठक ने अपने मेंहदी की एक तस्वीर भी ट्वीट की। पंखुड़ी पाठक का ये ट्वीट सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
सत्य वह सूरज है जिसे फ़रेब के बादल ढक सकते हैं लेकिन बुझा नहीं सकते । pic.twitter.com/oc6psc2OwO
— Pankhuri Pathak پنکھڑی (@pankhuripathak) November 29, 2019
अनिल यादव की पूर्व पत्नी ने शुक्रवार को उन पर जबरन तलाक लेने का आरोप लगाते हुए कहा कि बेटे को जान से मारने की धमकी देते हुए उनसे कागजों पर हस्ताक्षर कराये गए। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार सपा नेता अनिल यादव और कांग्रेस की नेता पंखुड़ी पाठक एक दिसंबर को दिल्ली में शादी करने वाले हैं। सपा नेता की पूर्व पत्नी ज्योति यादव ने नोएडा के सेक्टर 29 स्थित नोएडा मीडिया सेंटर में एक प्रेसवार्ता करके आरोप लगाया कि अनिल यादव ने उनके पांच वर्षीय बेटे को जान से मारने की धमकी देकर उनसे जबरन तलाक के कागजात पर हस्ताक्षर करवा लिया।
ज्योति यादव ने साथ ही अपने देवर कपिल यादव व ससुर सुरेश यादव पर भी आरोप लगाया है इन लोगों ने उन्हें एक कमरे में बंद करके रखा था। अनिल यादव की पूर्व पत्नी ने आरोप लगाया कि पंखुड़ी पाठक सपा नेता को कथित तौर पर ब्लैकमेल करके शादी के लिए दबाव बना रही हैं।
वहीं सपा नेता अनिल यादव का कहना है कि उन्होंने अपनी पूर्व पत्नी ज्योति यादव से दिल्ली के कड़कड़डूमा अदालत में आपसी सहमति से विधिवत तलाक लिया है। उन्होंने बताया कि अदालत के आदेश पर उन्होंने अपनी पत्नी व बच्चे के खर्चे के लिए 50 लाख रुपया दिया है।
उनका आरोप है कि उनकी पूर्व पत्नी उनके राजनीतिक विरोधियों के बहकावे में आकर उनकी छवि धूमिल करने की उद्देश्य से उनके खिलाफ दुष्प्रचार कर रही हैं। सपा नेता के अनुसार उन्होंने अपनी पूर्व पत्नी ज्योति यादव का मानसिक व शारीरिक शोषण नहीं किया है। उनका कहना है कि उनकी पूर्व पत्नी संपत्ति के लोभ में उनके ऊपर दबाव बनाने के लिए दुष्प्रचार कर रही हैं।
(पीटीआई इनपुट के साथ)