गुजरात के वडोदरा में वनकर्मियों ने एक अजगर को बचाया है। ये अजगर एक छोटी नदी से निकाला गया। वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार इस अजगर की लंबाई 10 फुट थी और इसने एक बंदर को निगल लिया था। हालांकि बाद में उसने उसे उगल दिया। वन अधिकारियों के अनुसार जल्द ही अजगर को जंगल में छोड़ दिया जाएगा।
न्यूज एजेंसी एएनआई के अनुसार वन विभाग से जुड़े और अजगर को बचाने वाले शैलेश रावल ने बताया कि 10 फुट लंबे अजगर को वन विभाग की टीम की मदद से नदी से बाहर निकाला गया। उन्होंने कहा, "जब हमने अजगर को नदी से बाहर निकाला तो देखा कि उसने एक बंदर को निगला हुआ था और बाद में उसे उगल दिया। अजगर कि स्थिति ठीक है और अनुमति मिलने के बाद हम इसे जंगल में सुरक्षित छोड़ देंगे।"
पिछले साल महिला पर अजगर के हमला का मामला भी आया था सामने
इससे पहले पिछले साल अक्टूबर में गुजरात के राजकोट में एक महिला पर अजगर के हमला करने का चौंकाने वाला मामले सामने आया था। ये घटना अमरेली जिले के खांभा तालुका की थी। यहां 55 साल की महिला लाभुबेन चौहान को 12 फुट के लंबे अजगर ने जकड़ लिया था। हालांकि समय रहते स्थानीय लोगों की मदद से महिला को बचा लिया गया था। इस घटना के बारे में तब वन विभाग को भी जानकारी दी गई थी।