इंडोनेशिया: कथित खाना चुराने के आरोप में कुत्ते को किया गया मगरमच्छ के हवाले, कान पकड़कर हवा में उड़ाते हुए पानी में फेंकने का वीडियो हुआ वायरल
By आजाद खान | Published: June 19, 2023 03:28 PM2023-06-19T15:28:11+5:302023-06-19T15:44:24+5:30
बताया जा रहा है कि यह घटना इंडोनेशिया की है जहां की एक पशु अधिकार कार्यकर्ता ने इस घटना के खिलाफ कार्रवाई और इंसाफ की मांग की है।
Viral Video: इंटरनेट पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में दो शख्स को एक कुत्ते को मगरमच्छ के हवाले करते हुए देखा गया है। जारी वीडियो में यह देखा गया है कि कैसे दो लोग एक कुत्ते को पकड़ते हुए और उसे उड़ाते हुए मगरमच्छ के हवाले कर देते है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने इस पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।
क्या दिखा वीडियो में
जारी इस वीडियो में यह देखने को मिला है कि दो शख्स एक कुत्ते को पकड़ कर लाते है और उसे मगरमच्छ से भरे दलदल में फेंक देते है। घटना के वक्त दो और लोग भी मौजूद होते है जिसमें से एक शख्स वीडियो में घटना का रिकॉर्डिंग करते हुए देखा गया है और एक शख्स दूसरे कैमरे से वीडियो बना रहा है जिसका वीडियो वायरल हो गया है।
वीडियो में एक शख्स को कुत्ते के दोनों कान पकड़े हुए देखा जा सकता है और दूसरे शख्स द्वारा उसका चमड़ा पकड़े हुए देखा गया है। इसके बाद उसे कई बार हवा में उड़ाया गया है और फिर पानी में फेंक दिया गया है। कुत्ता पानी में जाने के बाद वहां से बाहर आने की कोशिश करता दिख रहा है लेकिन इतने में उसे मगरमच्छ दबोच लेता है। वीडियो में वहां मौजूद लोगों को इस घटना में मजा लेते और हंसे हुए भी सुना गया है।
क्या है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, यह घटना इंडोनेशिया में घटी है जिसका वीडियो अब जाकर वायरल हो रहा है। वीडियो को @ahsforindonesia नामक एक इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया गया है। दावा है कि कुत्ते ने कुछ लोगों के यहां से कथित तौर पर खाना चुराया था। ऐसे में परेशान होकर लोगों ने इसे मगरमच्छ के हवाले कर दिया है।
घटना को लेकर इंडोनेशिया में पशु अधिकार कार्यकर्ता ने आवाज उठाई है और इसे लेकर इंसाफ की मांग कर रही है। वहीं वीडियो देख कई सोशल मीडिया यूजर्स ने इस पर अलग-अलग प्रतिक्रिया दी है।