ट्रैवेल विशेष: दिमाग और मन को तरोताजा कर देंगे भूटान के खूबसूरत नजारे

By मेघना वर्मा | Published: April 2, 2018 11:17 AM2018-04-02T11:17:25+5:302018-04-02T11:17:25+5:30

भूटान में पैसे कम खर्च करने पड़ते हैं।  यहां आप स्वादिष्ट भारतीय भोजन खाकर और भारतीय रुपयों में खर्च कर, घर जैसा ही महसूस करेंगे।

Travel Special: Visit to Bhutan in summer vacation | ट्रैवेल विशेष: दिमाग और मन को तरोताजा कर देंगे भूटान के खूबसूरत नजारे

ट्रैवेल विशेष: दिमाग और मन को तरोताजा कर देंगे भूटान के खूबसूरत नजारे

हिमालय की गोद में में छिपा भूटान, सबसे छोटे देशों में गिना जाता है। हमेशा से ही भूटान रहस्यों और कथाओं के लिए प्रचलित रहा है, लेकिन यहां की शांति और हिमायल के हसीन नजारे एक बार जो देख ले वो यहां बार-बार आना चाहेगा। यहां आपको शहर के शोर-शराबे से निकलकर प्रकृति के गोद में शांति का अनुभव होगा। यहां के शांत बौद्ध मठ, मुस्कुराते चेहरे और मौज-मस्ती करते लोग आपकी सारी चिंता को दूर करने में सफल होंगे। अगर आप भी खुद को तरोताजा करना चाहते हैं तो इस वैकेशन भूटान का रुख कर सकते हैं। 

कार्बन नेगेटिव देश में लीजिये शुद्ध हवा में सांस

भूटान आखिरी हिमालयी राज्य है। यहां सांसें थमा देने वाले हिमालय के लुभावने नजारों को देख सकते हैं, जहां बर्फीले पहाड़ों, हरे मैदानों और प्राचीन जंगलों का संगम होता है। यहां की सुंदर प्राकृतिक छटा में स्वच्छ और शुद्ध हवा का आनंद ले सकते हैं। आपको इस बात में कोई आश्चर्य नहीं होना चाहिए कि भूटान पूरे विश्व का पहला और एकमात्र कार्बन नेगेटिव देश है, यानि यहां कार्बन का अवशोषण उसके उत्पादन की तुलना में अधिक है।

भूटान  में ज्यादातर लोग यहीं के मूलनिवासी हैं, जिन को गांलोप कहा जाता है और इनका निकट का संबंध तिब्बत की कुछ प्रजातियों से है। इसके अलावा यहां पर  प्रजातियों में नेपाली हैं और इनका सम्बन्ध नेपाल राज्य से है। उसके बाद शरछोगपा और ल्होछमपा हैं। यहां की आधिकारिक भाषा जोङखा है, इसके साथ ही यहां कई अन्य भाषाएं भी बोली जाती हैं, जिनमें कुछ तो विलुप्त होने के कगार पर हैं।

भूटान में आधिकारिक धर्म बौद्ध धर्म की महायान शाखा है, जिसका अनुपालन देश की लगभग तीन चौथाई जनता करती है। भूटान की 25 प्रतिशत जनसंख्या हिंदू धर्म की अनुयायी है। भूटान के हिंदू धर्मी नेपाली मूल के लोग है।

यह भी पढ़ें: इन गर्मी की छुट्टियों में भारत के स्विट्ज़रलैंड में लीजिये वाटर ऐडवेंचर का मजा

प्रकृति से प्यार करने वालों के लिए खजाना है भूटान

भूटान में देखने के लिए बहुत कुछ है। तक्तसुंग पालफंग मठ, जो टाइगर्स नेस्ट मठ के नाम से भी प्रसिद्ध है। यहां की पहाड़ी पर चलते हुए आपको घाटी और साथ के जंगलों के अद्वितीय नजारे दिखेंगे, जो बौद्ध प्रार्थना के परचमों से सुसज्जित हैं। अगर आपको  प्रकृति और वन्य जीवन से प्यार है तो आपको यहां आकर बहुत खुशी होगी। इस देश का 70 प्रतिशत भू-क्षेत्र प्राकृतिक संरक्षण के अंतर्गत है जिसके चलते आपको यहां कई नेशनल पार्क मिलेंगे जहां भूटान का राष्ट्रीय जानवर टाकिन, हिम तेंदुए, काली गर्दन वाले सारस और टाइगर देखे जा सकते हैं।

रोमांच प्रेमियों के लिए यहां लंबी हाइक या ट्रेक के विकल्प भी मौजूद हैं, साथ ही रॉक क्लाइम्बिंग, कायाकिंग और फिशिंग भी। इस सब के ऊपर आता है भूटान का स्वादिष्ट स्थानीय भोजन। यहां मिर्च का उपयोग केवल मसाले के रूप में ही नहीं होता, बल्कि इसकी सब्जी भी बनाई जाती है।  

पारो

भूटान के सबसे पुराने किलों में से एक पारो के रिनपोंग जोंग की भी आप ओर रुख कर सकते हैं। चढ़ाई के मार्ग में अवस्थित इस किले से दूर-दूर तक फैली घाटी का अद्भुत नजारा देखा जा सकता है। इस किले की दीवारों पर भगवान बुद्ध की जीवनी का गूढ़ वर्णन चित्रित किया गया है। जोंग से निकलते ही एक घंटाघर दिखाई पड़ता है जो दरअसल एक संग्रहालय है। भूटान का एकमात्र हवाई अड्डा पारो में ही है और यह एक छोटा-सा शहर है जिसे पैदल चलकर ही नापा जा सकता है। इस शहर की सडक़ खूबसूरत रोशनी से जगमगाती है जिसके दोनों ओर मकान बने हुए हैं। इनमें से ज्यादातर मकानों में रेस्तरां, एम्पोरियम और कैफे हैं।

थिम्पू

यदि आप दिल्ली या मुंबई के निवासी हैं तो थिम्पू आपको चौंका सकता है। यहां के कार चालक पैदल यात्रियों को बड़ी विनम्रता से निकल जाने के लिए रास्ता दे देते हैं। यहां कोई ट्रैफिक सिग्नल नहीं है। भूटान का यातायात सुसज्जित और कुशल प्रशिक्षित ट्रैफिक पुलिस द्वारा नियंत्रित किया जाता है। यहां शायद ही डकैती या चोरी की कोई वारदात होती है। हमारे लिए तीरंदाजी का मैदान देखना भी रोमांचक अहसास था। शहर के बीचों-बीच लगा घंटाघर देखने लायक है। एक और आकर्षण यहां के साप्ताहिक हाट को देखना है जहां आप अच्छी यादगार चीजें और हस्तशिल्प खरीद सकते हैं।

यह भी पढ़ें: गर्मी की छुट्टियों पर जाने से पहले जरूर रखें इन 7 बातों का ख्याल

भूटान घूमने या खाने-पीने के लिहाज से काफी सस्ती जगह है। यहां पैसे कम खर्च करने पड़ते हैं। यहां आप स्वादिष्ट भारतीय भोजन खाकर और भारतीय रुपयों में खर्च कर, घर जैसा ही महसूस करेंगे। स्थानीय भूटानी आपका स्वागत गर्मजोशी से करेंगे, और वो भी हिंदी में! प्राचीन और नवीन के मिलन वाला भूटान एक बेहद मनोहर देश है।

(फोटो- फ्लिकर)

Web Title: Travel Special: Visit to Bhutan in summer vacation

मुसाफ़िर से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे