तेजस्वी यादव का हमला, नीतीश कुमार मौनी बाबा तो 'मोदी' ढोंगी बाबा, बिहार में चल रहा है थू-शासन

By एस पी सिन्हा | Published: December 21, 2018 08:28 PM2018-12-21T20:28:42+5:302018-12-21T20:28:42+5:30

तेजस्वी यादव के ट्वीट पर जदयू ने पलटवार किया। जदयू नेता नीरज कुमार ने ट्वीट करते हुए लिखा, "हत्या में दोषी राजद आइकॉन दिल्ली के तिहाड में, दूसरा नाबालिग के साथ रेप में दोषी बिहार की जेल में और खुद अध्यक्ष घोटाला में दोषी झारखंड की जेल में!

Tejaswi Yadav says CM nitish kumar is a moni baba and sushil modi like dhongi baba | तेजस्वी यादव का हमला, नीतीश कुमार मौनी बाबा तो 'मोदी' ढोंगी बाबा, बिहार में चल रहा है थू-शासन

तेजस्वी यादव का हमला, नीतीश कुमार मौनी बाबा तो 'मोदी' ढोंगी बाबा, बिहार में चल रहा है थू-शासन

रालोसपा प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा के महागठबंधन में शामिल होने पर बिहार के उपमुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता सुशील कुमार मोदी का कटाक्ष तेजस्वी यादव को रास नहीं आया है। लिहाजा तेजस्वी यादव सुशील मोदी पर भडक गये है। महागठबंधन में उपेंद्र कुशवाहा के शामिल होने के बाद राजद के नेता तेजस्वी यादव ने बिहार सरकार पर हमला तेज कर दिया।

तेजस्वी यादव ने ट्वीट करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को मौनी बाबा और उप मुख्यमंत्री सुशील मोदी को ढोंगी बाबा बताया। तेजस्वी ने ट्वीट करते हुए लिखा, "नीतीश कुमार मौनी बाबा और सुशील मोदी ढोंगी बाबा की जनादेश चोरी वाली कुख्यात जोडी बिहार के अपराध पर बेशर्मी की हद तक चुप है। नीतीश कुमार का एक विधायक एके-47 के साथ पकडा जाता है। दूसरा 50 लाख की रंगदारी मांगता है। तीसरा विपक्षी नेता की हत्या में आरोपित है। बिहार में थू-शासन है।" तेजस्वी यादव ने आए दिन हत्या-लूटपाट की वारदातों के मद्देनजर नीतीश कुमार से सवाल किया है कि आखिर इन मुद्दों पर वह कब तक चुप रहेंगे? तेजस्वी यादव ने शराबबंदी और बालूबंदी पर नीतीश कुमार की आलोचना की है और कहा है कि इनकी वजह से बिहार बर्बाद हो रहा है और इसके जिम्मेवार नीतीश कुमार हैं। तेजस्वी यादव ने अपने ट्विटर अकाउंट से एक के बाद एक कई ट्वीट कर सरकार पर हमला बोला है। 


उन्होंने एक ट्वीट में कहा कि 'नैतिकता बन गई लोलुपता और अंतरात्मा बन गयी दुरात्मा। बिहार में घूम रहे दुशासन। रावणों का है कुशासन। जनता कह रही है ये थूशासन। क्योंकि राजा ने बेच दिया ईमान और प्रशासन। 'तेजस्वी ने अन्य ट्वीट में लिखा- 'नीतीश जी, आख़िर कब तक बिहार के व्यापारी, किसान और नौजवान अपराधियों की गोलियों का शिकार होते रहेंगे? आपके शराबबंदी और बालूबंदी के हैंगओवर ने बिहार को बर्बाद कर दिया है। राजधर्म गिरवी रख आपने थानों की नीलामी कर प्रशासन का इकबाल और ईमान भी बेच दिया है। आख़िर, कब तक चुप रहियेगा?' वहीं, सुशील मोदी पर भडके तेजस्वी यादव ने ट्वीट कर लिखा है- जनादेश चोरी के बाद सरकारी खर्चे पर 15 दिनों से अमेरिका घूम रहे घुमंतू जी, आपके द्वारा गुंडो के आगे नाक रगडने के बाद से अपराध में बेतहाशा वृद्धि हुई है। आपके गुर्गे व्यापारियों को भून रहे है और आप 2 हफ्ते से विदेश में अपने रिश्तेदारों ललित मोदी और नीरव मोदी संग मस्ती कर रहे है। 

उल्लेखनीय है कि गुरुवार को रालोसपा प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा के महागठबंधन में शामिल होने पर भाजपा के वरिष्ठ नेता सुशील कुमार मोदी ने कटाक्ष करते हुए कहा था कि ‘‘एक ऐसी पार्टी भी महागठबंधन में हाथ मिला रही है जिसकी गिनती के दो विधायक, एक एमएलसी और एक सांसद ‘राजग' के साथ मजबूती से खडे हैं।' उन्होंने एक अन्य ट्वीट में कहा कि ‘‘20 साल तक बिहार में दलितों के नरसंहार और 1989 में भागलपुर दंगा के दौरान अल्पसंख्यक समुदाय के 1000 से ज्यादा लोगों की हत्या के लिए जिम्मेदार दो वंशवादी दलों (कांग्रेस-राजद) के नेतृत्व में दो वोटकटवा पार्टियों ने जो गठबंधन किया है, उसका लोकसभा के चुनाव पर कोई असर नहीं पड़ेगा। 

राज्य की जनता लालटेन युग में लौटने वाली नहीं है।' सुशील ने दूसरे ट्वीट कर कहा है कि ‘‘ममता बनर्जी, मायावती, अखिलेश यादव और चौधरी अजित सिंह तक ने जिस कांग्रेस को तीन राज्यों में जीतने के बावजूद कोई महत्व नहीं दिया, उसे बिहार में वही दल माथे लगा रहे हैं, जिनका पूरा शीर्ष नेतृत्व जेल और अदालत के बीच झूल रहा है या जिसके नेता का जनाधार उसका साथ छोड चुका है।' सुशील मोदी ने कहा कि देश को कमजोर सरकार देने और प्रधानमंत्री मोदी की वापसी रोकने के नकारात्मक मंसूबे जोड़तोड़ से कभी कामयाब नहीं होंगे।

वहीं, तेजस्वी के ट्वीट पर जदयू ने पलटवार किया। जदयू नेता नीरज कुमार ने ट्वीट करते हुए लिखा, "हत्या में दोषी राजद आइकॉन दिल्ली के तिहाड में, दूसरा नाबालिग के साथ रेप में दोषी बिहार की जेल में और खुद अध्यक्ष घोटाला में दोषी झारखंड की जेल में! ये सभी आज भी पार्टी के थिंकटैंक बने हुए है। अध्यक्ष की विरासत संभाल रहे उनके पुत्र नैतिकता पर प्रवचन दे रहे। बेशर्मी की पराकाष्ठा है।" यहां बता दें, पटना के बड़े उद्योगपति गोपाल खेमका के बेटे गुंजन खेमका की हाजीपुर में दिनदहाड़े हत्या कर दी गई। ये हत्या तब की गई जब वे अपनी फैक्ट्री जा रहे थे।

Web Title: Tejaswi Yadav says CM nitish kumar is a moni baba and sushil modi like dhongi baba

राजनीति से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे