punjab municipal election result 2021: पंजाब में नगर निकायों के चुनाव में शिरोमणि अकाली दल, आम आदमी पार्टी एवं भाजपा को बड़ा झटका लगा है।
कांग्रेस ने पिछले करीब 50 साल में पहली बार बठिंडा में जीत दर्ज की है। पंजाब के वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल ने ट्वीट कर कहा कि बठिंडा में कांग्रेस का 53 साल में पहला मेयर होगा। पूर्व केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर को बड़ा झटका लगा है। बठिंडा नगर निगम में कांग्रेस ने 50 सीट में से 43 पर कब्जा कर लिया है।
मतगणना का काम गुरुवार को
सत्तारूढ़ पार्टी कांग्रेस ने बुधवार को 7 में से 6 नगर निगम की सीटों पर जीत हासिल की है। आधिकारियों के अनुसार कांग्रेस ने प्रदेश के बठिंडा, होशियारपुर, कपूरथला, अबोहर, बटाला और पठानकोट नगर निगम में जीत हासिल की है। सातवें नगर निगम के चुनाव का परिणाम भी जल्द आने की संभावना है, एक अन्य नगर निगम में मतगणना का काम गुरुवार को होगा।
109 नगर परिषदों में 63 पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की
109 नगर परिषदों में 63 पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की है। अकाली दल आठ और आम आदमी पार्टी दो सीटों पर जीती है। स्थानीय निकाय चुनाव में कांग्रेस ने अब तक 1,815 वार्डों (नगरपालिका परिषदों) में से 1,199 और 350 नगर निगम सीटों में से 281 सीटें जीत ली हैं, जबकि शिरोमणी अकाली दल ने 289 और 33, भाजपा ने 38 और 20 पर, आम आदमी पार्टी ने 57 और 9 सीटों पर जीत हासिल की है।
कांग्रेस की नजर प्रदेश में विधानसभा चुनाव में जीत पर भी है जो अगले साल के शुरुआत में होने वाला है। पंजाब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने कहा कि प्रदेश की जनता ने भाजपा, शिअद एवं आप की ‘‘नकारात्मक राजनीति’’ को खारिज कर दिया है।
विकास के एजेंडे पर चुनाव लड़ा
जाखड़ ने संवादददाताओं से कहा, ‘‘हमने विकास के एजेंडे पर चुनाव लड़ा। इस जीत से हमारे कार्यकर्ताओं को और अधिक कठिन मेहनत करने की प्रेरणा मिलेगी ।’’ मोगा में किसी भी राजनीतिक दल को बहुमत नहीं मिला है और ऐसे में निर्दलीय उम्मीदवारों का समर्थन महत्वपूर्ण होगा। कांग्रेस मोगा नगर निगम के 50 वार्डों में से 20 में जीत दर्ज कर सबसे बड़ी पार्टी बनी है। इसके बाद यहां शिरोमणि अकाली दल ने 15 जबकि आम आदमी पार्टी ने चार वार्डों में जीत हासिल की है।
भारतीय जनता पार्टी को केवल एक सीट से संतोष करना पड़ा है। यहां दस निर्दलीय उम्मीदवार जीते हैं। प्रदेश निर्वाचन आयोग ने मोहाली नगर निगम के दो मतदान केंद्रों पर दोबारा मतदान कराने के निर्देश दिये थे । इसलिये पूरे निगम के मतों की गिनती बृहस्पतिवार को होगी।
कुल 9,222 उम्मीदवार मैदान में
प्रदेश के आठ नगर निगमों एवं 109 नगर परिषदों के लिये कारये गये चुनाव में कुल 9,222 उम्मीदवार मैदान में थे। प्रदेश में सत्तारूढ़ कांग्रेस ने इन चुनावों के लिये 2,037 उम्मीदवार मैदान में उतारे थे। वहीं, शिअद ने 1,569, भाजपा ने 1,003, आप ने 1,606 तथा बसपा ने 160 उम्मीदवार मैदान में उतारे थे।
इन चुनावों के लिये 2,832 निर्दलीय उम्मीदवार भी मैदान में थे। कृषि कानूनों के मसले पर पिछले साल शिअद ने भाजपा की अगुवाई वाली राजग से नाता तोड़ लिया था। दोनों दल इस चुनाव में अकेले लड़े थे। स्थानीय निकायों के लिये प्रदेश में 14 फरवरी को मतदान कराया गया था जिसमें 70 प्रतिशत से अधिक मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था।