लाइव न्यूज़ :

राहुल गांधी बोले- प्रधानमंत्री मोदी किसानों की इज्जत नहीं करते, कुछ लोगों के हाथ में है उनका ‘रिमोट कंट्रोल’

By भाषा | Updated: January 15, 2021 16:51 IST

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने शुक्रवार को जंतर-मंतर पहुंचकर, पंजाब से पार्टी के उन सांसदों के साथ एकजुटता प्रकट की जो पिछले करीब 40 दिनों से कृषि कानूनों के विरोध में धरने पर बैठे हैं।

Open in App
ठळक मुद्देपंजाब और हरियाणा के किसान देश को भोजन दे रहे हैं।अपने कुछ पूंजीपति मित्रों को फायदा पहुंचाना चाहती है।राहुल और प्रियंका को धन्यवाद दिया और तीनों कानूनों को वापस लेने की मांग दोहराई।

नई दिल्लीः कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को केंद्रीय कृषि कानूनों को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री देश के किसानों की ‘‘इज्जत’’ नहीं करते और बार-बार बातचीत करके सिर्फ किसानों को थकाना चाहते हैं।

उन्होंने यह दावा भी किया कि नरेंद्र मोदी देश के प्रधानमंत्री जरूर हैं, लेकिन ‘उनका रिमोट कंट्रोल’ कुछ पूंजीपतियों के पास है।

राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने शुक्रवार को जंतर-मंतर पहुंचकर, पंजाब से पार्टी के उन सांसदों के साथ एकजुटता प्रकट की जो पिछले करीब 40 दिनों से कृषि कानूनों के विरोध में धरने पर बैठे हैं।

पंजाब से संबंध रखने वाले कांग्रेस के लोकसभा सदस्य जसबीर गिल, गुरजीत औजला, रवनीत सिंह बिट्टू और कुछ अन्य नेता कृषि कानूनों के खिलाफ खुले आसमान के नीचे धरना दे रहे हैं। उनकी मांग तीनों कृषि कानूनों को वापस लेने की है।

राहुल गांधी और प्रियंका कुछ देर तक पार्टी के इन सांसदों के साथ धरना स्थल बैठे और उनके साथ एकजुटता प्रकट की।

इस मौके पर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा, ‘‘मोदी जी ने भूमि अधिग्रहण कानून को रद्द करने की कोशिश की थी, उसे हमने रोका। अब यह नया कदम तीन कानूनों के तौर पर उठाया गया है। ये तीनों कानून किसानों को खत्म करने के कानून हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘देश को आजादी 1947 में मिली, लेकिन इस आजादी को किसानों ने कायम रखा। जिस दिन खाद्य सुरक्षा खत्म होगी उस दिन आजादी चली जाएगी।’’

कांग्रेस नेता ने दावा किया, ‘‘एक तरफ हिंदुस्तान है और दूसरी तरफ मोदी जी के कुछ पूंजीपति मित्र हैं। देश के बहुत सारे लोगों को यह बात समझ नहीं आ रही है कि अगर आज किसान का हक छिना तो अगला नंबर मध्य वर्ग का होगा और फिर दूसरे लोग भी होंगे।’’

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘मोदी जी कहते हैं कि देश को कोरोना से नुकसान हुआ। नुकसान कोरोना से पहले हुआ था। सच्चाई यह है कि मोदी जी और उनके दो-तीन उद्योगपति मित्र आप से सब छीन रहे हैं। ये ही कुछ उद्योगपति सब कुछ चला रहे हैं।’’

कांग्रेस नेता ने कहा कि किसानों को समझना पड़ेगा कि समय जाया किया जा रहा है और थकाया जा रहा है।

राहुल गांधी ने आरोप लगाया, ‘‘मोदी जी किसानों की बुनियादी इज्जत नहीं करते हैं।.... एक किसान मरे, दो मरे, 100 मरे, नरेंद्र मोदी को कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है।’’

उन्होंने दावा किया, ‘‘नरेंद्र मोदी जी समझते हैं कि किसान थक जाएगा और भाग जाएगा। मोदी जी, किसान नहीं भागने वाला है, आपको भागने पड़ेगा। आपको समझ जाना चाहिए कि ये हिंदुस्तान पीछे हटने वाला नहीं है। न किसान पीछे हटेंगे और न ही कांग्रेस पीछे नहीं हटने वाली है।’’

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि पूरी ‘माया’ पैदा की गई और आने वाले समय में ये ‘माया’ टूटेगी।

एक सवाल के जवाब में राहुल गांधी ने आरोप लगाया, ‘‘नरेंद्र मोदी जी, देश के प्रधानमंत्री जरूर हैं, लेकिन उनका रिमोट कंट्रोल तीन-चार लोगों के पास है। उन पर दया आती है।’’

इससे पहले राहुल गांधी और प्रियंका कृषि कानूनों के खिलाफ उप राज्यपाल के निवास के निकट आयोजित कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए।

इस मौके पर राहुल गांधी ने कहा, ‘‘कांग्रेस किसानों के साथ खड़ी है। सरकार को ये तीनों कानून वापस लेने होंगे। सरकार जब तक ये कानून वापस नहीं लेगी तब तक कांग्रेस पीछे नहीं हटने वाली है।’’

उल्लेखनीय है कि केंद्रीय कृषि कानूनों के खिलाफ कांग्रेस ने शुक्रवार को ‘किसान अधिकार दिवस’ मनाया। इसके तहत पार्टी के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने प्रदेश मुख्यालयों पर धरना-प्रदर्शन किया और राज्यपालों एवं उप राज्यपालों को ज्ञापन सौंपें।

मुख्य विपक्षी पार्टी ने आंदोलनकारी किसानों के समर्थन में ‘स्पीकअप फॉर किसान अधिकार’ हैशटैग से सोशल मीडिया अभियान भी चलाया।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

टॅग्स :राहुल गांधीप्रियंका गांधीकिसान आंदोलनदिल्लीकांग्रेसनरेंद्र मोदी
Open in App

संबंधित खबरें

भारतदिल्ली और उत्तरी भारत के कुछ हिस्सों में महसूस हुए भूकंप के झटके, अफगानिस्तान में आया भूकंप

ज़रा हटकेVIDEO: असम में योगी का बड़ा बयान, 'घुसपैठियों को बाहर करना ही होगा'

भारतश्रीपेरंबुदूर से उम्मीदवार तमिलनाडु कांग्रेस अध्यक्ष सेल्वापेरुन्थगई, 27 उम्मीदवार घोषित, देखिए

भारतजो डर गया, समझो मर गया?, सौरभ भारद्वाज ने राघव चड्ढा पर निशाना साधा, कहा- केजरीवाल गिरफ्तार हुए तो विदेश में छिपा?

भारतबिहार चुनावः 2026 में 17 सीट खाली, राज्यसभा के बाद MLC इलेक्शन में भी तेजस्वी यादव को लगेगा झटका, 1 सीट के लिए 25 विधायक?

राजनीति अधिक खबरें

राजनीतिDUSU Election 2025: आर्यन मान को हरियाणा-दिल्ली की खाप पंचायतों ने दिया समर्थन

राजनीतिबिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मिलीं पाखी हेगड़े, भाजपा में शामिल होने की अटकलें

राजनीतिBihar voter revision: वोटरों की सही स्थिति का पता चलेगा, SIR को लेकर रूपेश पाण्डेय ने कहा

राजनीतिबिहार विधानसभा चुनावः बगहा सीट पर बीजेपी की हैट्रिक लगाएंगे रुपेश पाण्डेय?

राजनीतिगोवा विधानसभा बजट सत्रः 304 करोड़ की 'बिना टेंडर' परियोजनाओं पर बवाल, विपक्ष का हंगामा