Modi Cabinet Expansion: कई बनेंगे मंत्री, जानिए महाराष्ट्र से कौन-कौन सांसद लिस्ट में, हलचल तेज

By सतीश कुमार सिंह | Published: July 6, 2021 09:29 PM2021-07-06T21:29:05+5:302021-07-06T21:29:05+5:30

Next

प्रधानमंत्री के रूप में मई 2019 में 57 मंत्रियों के साथ अपना दूसरा कार्यकाल आरंभ करने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को पहली बार केंद्रीय मंत्रिपरिषद में फेरबदल व विस्तार कर सकते हैं।

उत्तर प्रदेश समेत पांच राज्यों में अगले साल विधानसभा चुनाव हैं। उसी पृष्ठभूमि पर केंद्रीय मंत्रिमंडल का विस्तार हो रहा है। इस बात की प्रबल संभावना है कि मोदी की कैबिनेट में कम से कम 20 नए चेहरों को शामिल किया जाएगा।

2019 में हुए विधानसभा चुनाव के बाद शिवसेना ने बीजेपी छोड़कर कांग्रेस और एनसीपी से हाथ मिला लिया। शिवसेना को दिया गया मंत्री पद खाली है। इस पद के लिए राज्यसभा सांसद नारायण राणे का चयन लगभग तय माना जा रहा है।

मंत्री पद के लिए नारायण राणे के साथ सांसद कपिल पाटिल के नाम पर भी चर्चा हो रही है. नारायण राणे और कपिल पाटिल इस समय दिल्ली में हैं। ऐसे में इन दोनों को मंत्री पद मिलने की प्रबल संभावना है।

नारायण राणे मराठा समुदाय के एक महत्वपूर्ण नेता हैं। कपिल पाटिल ओबीसी समुदाय से आते हैं। चूंकि इस समय मराठा और ओबीसी आरक्षण का मुद्दा जल रहा है, ऐसे में इन दोनों नेताओं को मंत्री पद देना बीजेपी के लिए फायदेमंद हो सकता है।

नंदुरबार से सांसद हिना गावित भी मंत्री पद की दौड़ में हैं। 2014 में, वह पहली बार भाजपा के टिकट पर चुनी गईं। यदि उन्हें मंत्री पद दिया जाता है, तो भौगोलिक संतुलन बनाए रखने के लिए कुछ मंत्रियों के पते काटे जा सकते हैं।

वर्तमान में महाराष्ट्र के छह सांसद मोदी के मंत्रिमंडल में हैं। नितिन गडकरी, प्रकाश जावड़ेकर और पीयूष गोयल के पास कैबिनेट मंत्रालय हैं। इनके बने रहने की प्रबल संभावना है। हालांकि, राज्य के कुछ सांसद राज्य मंत्री बन सकते हैं।

महाराष्ट्र से तीन को केंद्र में राज्य मंत्री का पद दिया गया है। राज्य मंत्री का पद आरपीआई अध्यक्ष रामदास आठवले, भाजपा सांसद संजय धोत्रे और रावसाहेब दानवे के पास है। इनमें धोत्रे और दानवे को मंत्री पद मिल सकता है।

माना जा रहा है कि भाजपा की सहयोगियों जदयू और अपना दल (एस) को भी प्रतिनिधित्व मिल सकता है। आरपीआई नेता राम दास आठवले इकलौते ऐसे गैर भाजपाई नेता हैं जो नरेंद्र मोदी मंत्रिपरिषद में शामिल हैं।