Aditya L1: सूर्य मिशन पर निकला आदित्य-L1, 125 दिन की यात्रा शुरू

By संदीप दाहिमा | Published: September 2, 2023 01:40 PM2023-09-02T13:40:25+5:302023-09-02T13:40:25+5:30

Next

Aditya-L1 Launch: भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) द्वारा आज अपने पहले सूर्य मिशन आदित्य एल 1 को लॉन्च कर दिया गया है। देश के इस पहले सौर मिशन के जरिए इसरोसूर्य का अध्ययन करेगा।

आदित्य एल 1 सूर्य के रहस्यों का पता लगाएगा। इसरो के मुताबिक, आदित्य-एल1 पृथ्वी से लगभग 1.5 मिलियन किमी दूर, सूर्य की ओर निर्देशित रहेगा, जो पृथ्वी-सूर्य की दूरी का लगभग 1% है।

सूर्य गैस का एक विशाल गोला है और आदित्य-एल1 सूर्य के बाहरी वातावरण का अध्ययन करेगा। इस मिशन के लॉन्च होने पर सबसे ज्यादा लोगों के मन में यह बात है कि क्या आदित्य एल 1 सूर्य पर उतरेगा?

इसरो ने इसका जवाब देते हुए बताया है कि आदित्य-एल1 न तो सूर्य पर उतरेगा और न ही सूर्य के करीब आएगा। दरअसल, इस स्पेसक्राफ्ट को सौर कोरोना के दूरस्थ अवलोकन और सौर हवाओं के सीटू अवलोकन प्रदान करने के लिए डिजाइन किया गया है।

यह विजिबल एमिशन लाइन कोरोनाग्राफ (वीईएलसी), आदित्य एल1 का प्राथमिक पेलोड इच्छित कक्षा में पहुंचने के बाद हर दिन 1,440 छवियों को विश्लेषण के लिए ग्राउंड स्टेशन पर भेजेगा। क्या आदित्य-एल1 सूर्य पर उतरेगा? गौरतलब है कि आदित्य-एल1 मिशन सूर्य पर "उतरेगा" नहीं क्योंकि तेज तापमान इसे एक असंभव कार्य बना देगा। हालाँकि, इसे सूर्य-पृथ्वी प्रणाली की कक्षा में स्थापित किया जाएगा।