दिल्ली में भीषण गर्मी के साथ लू चलने की आशंका, फिलहाल गर्मी से राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं

By संदीप दाहिमा | Published: June 9, 2022 11:11 AM2022-06-09T11:11:19+5:302022-06-09T11:13:43+5:30

Next

दिल्ली में बृहस्पतिवार की सुबह बेहद गर्म रही और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस बीच, मौसम विभाग ने राष्ट्रीय राजधानी में दिन के समय भीषण गर्मी के साथ लू चलने की आशंका जताई है।

मौसम विभाग ने कहा कि दिल्ली के लोगों को सप्ताहांत में लू से राहत मिलने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी ने कहा, “दिल्ली में बृहस्पतिवार को लू चलने का अनुमान है।

दिन का अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।” आईएमडी के अनुसार, मैदानी इलाकों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक या सामान्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस अधिक होने पर गर्म हवाओं को ‘लू’ घोषित किया जाता है।

सामान्य से 6.4 डिग्री अधिक तापमान होने पर ‘भीषण लू’ की घोषणा की जाती है। दिल्ली में बुधवार को अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। मौसम विभाग ने कहा कि सुबह साढ़े आठ बजे सापेक्षिक आर्द्रता 33 प्रतिशत दर्ज की गयी।