लुकाकु का 300वां गोल, इंटर मिलान ने लाजियो को 3-1 से हराया
By भाषा | Updated: February 15, 2021 10:07 IST2021-02-15T10:07:36+5:302021-02-15T10:07:36+5:30

लुकाकु का 300वां गोल, इंटर मिलान ने लाजियो को 3-1 से हराया
मिलान, 15 फरवरी (एपी) रोमेलु लुकाकु ने दो गोल करके अपने करियर के कुल गोल की संख्या पर 300 पर पहुंचायी जिससे इंटर मिलान ने लाजियो को 3-1 से हराकर इटालियन फुटबॉल लीग सेरी ए में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया।
लुकाकु ने पेनल्टी पर गोल किया और उसके बाद पहले हॉफ के आखिर में दूसरा गोल करके विशिष्ट उपलब्धि भी हासिल की। उन्होंने इसके अलावा लॉटारो मार्टिनेज के गोल में भी मदद की। लाजियो की तरफ से एकमात्र गोल गोंजालो एस्कालेंटे ने किया।
इस जीत से इंटर मिलान के 22 मैचों में 50 अंक हो गये हैं और एसी मिलान से एक अंक आगे हो गया है। एसी मिलान को शनिवार को स्पेजिया के हाथों 2-0 से हार झेलनी पड़ी थी।
एक अन्य मैच में जोर्डन वरेटॉउट के दो गोल की मदद से रोमा ने उडिन्से को 3-0 से हराकर लीग में तीसरा स्थान हासिल कर लिया।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।