कोविड-19 पॉजिटिव मिल्खा सिंह अस्पताल में भर्ती, हालत स्थिर

By भाषा | Published: May 24, 2021 10:47 PM2021-05-24T22:47:35+5:302021-05-24T22:47:35+5:30

Kovid-19 positive Milkha Singh hospitalized, condition stable | कोविड-19 पॉजिटिव मिल्खा सिंह अस्पताल में भर्ती, हालत स्थिर

कोविड-19 पॉजिटिव मिल्खा सिंह अस्पताल में भर्ती, हालत स्थिर

चंडीगढ़, 24 मई भारत के महान धावक मिल्खा सिंह को सोमवार को मोहाली के एक अस्पताल की गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में भर्ती कराया गया और डॉक्टरों ने कहा कि उनकी हालत स्थिर है।

मिल्खा सिंह कोविड-19 पॉजिटिव आने के बाद चंडीगढ़ में अपने घर में पृथकवास में थे। 91 साल के इस महान धावक को बुधवार को कोविड-19 पॉजिटिव पाया गया था।

उन्हें मोहाली के फोर्टिस अस्पताल के आईसीयू में भर्ती किया गया और अस्पताल में कहा कि उन्हें कोविड निमोनिया हो गया है।

अस्पताल ने कहा, ‘‘वह स्थिर हैं और उन्हें कम प्रवाह की ऑक्सीजन दी जा रही है। ’’

इससे पहले उनके बेटे और शीर्ष गोल्फर जीव मिल्खा सिंह ने कहा कि एहतियात के तौर पर उन्हें मोहाली में फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया।

जीव ने पीटीआई-भाषा से कहा, ‘‘उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया है। वह कमजोरी महसूस कर रहे थे और कल से कुछ नहीं खा रहे थे, इसलिये हमें उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। हालांकि उनके पैरामीटर (स्वास्थ्य संबंधित मापदंड) ठीक दिख रहे हैं, लेकिन हमने सोचा कि उन्हें भर्ती करना ही सुरक्षित होगा क्योंकि अस्पताल में वह सीनियर डॉक्टरों की निगरानी में रहेंगे। ’’

जीव अपने पिता के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद शनिवार को दुबई से यहां पहुंचे।

मिल्खा सिंह ने रिपोर्ट आने के बाद बताया था कि दो घरेलू सहायकों के वायरस से संक्रमित होने के बाद उनके परिवार ने जांच करायी। उन्होंने कहा था, ‘‘बुधवार को केवल मैं पॉजिटिव आया जिससे मैं हैरान हूं। ’’

उनकी पत्नी निर्मल कौर सहित परिवार के अन्य सदस्यों में कोई भी पॉजिटिव नहीं आया।

पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने ट्वीट किया, ‘‘ ‘फ्लाइंग सिख’ मिल्खा सिंह के जल्द ठीक होने की कामना करता हूं जिन्हें कोविड-19 उपचार के लिये मोहाली में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जल्दी स्वस्थ हो जाइये सर।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: Kovid-19 positive Milkha Singh hospitalized, condition stable

अन्य खेल से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे