Maharashtra Taza Khabar: बच्चे को कथित रूप से किडनैप करने वाला युवक गिरफ्तार, ट्रक पलटने से दो लोगों की हुई मौत
By भाषा | Published: March 6, 2020 10:48 AM2020-03-06T10:48:48+5:302020-03-06T10:48:48+5:30
Maharashtra Taza Khabar: महाराष्ट्र में पुणे-सतारा राजमार्ग पर खंबातकी सुरंग के निकट शुक्रवार तड़के एक ट्रक पलटने से दो लोगों की मौत हो गई जबकि दस लोग घायल हो गए।
पालघरः महाराष्ट्र में पालघर जिले के वसई कस्बे के खैरपाड़ा से दो वर्षीय एक बच्चे का कथित रूप से अपहरण करने के लिये एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। वलिव थाने के सहायक निरीक्षक संतोष सांगवीकर ने बताया कि सनी सिंह (25) ने दो मार्च को पारिवारिक विवाद के चलते बच्चे का अपहरण कर लिया था।
उन्होंने बताया कि बच्चे के परिजनों ने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद तलाश अभियान शुरू किया गया। उन्होंने कहा कि कुछ ही घंटो के बाद आरोपी के मुंबई के पश्चिमी उपनगर में बोरीवली रेलवे स्टेशन पर बच्चे के साथ होने का पता चला और रेलवे पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 363 (अपहरण) का मामला दर्ज किया गया है।
वहीं, एक अन्य खबर की ओर रुख करें तो महाराष्ट्र में पुणे-सतारा राजमार्ग पर खंबातकी सुरंग के निकट शुक्रवार तड़के एक ट्रक पलटने से दो लोगों की मौत हो गई जबकि दस लोग घायल हो गए। एक अधिकारी ने बताया कि खुदाई के काम में लगा एक बोरवेल ट्रक सुबह करीब छह बजे सुरंग के पास मुड़ने के दौरान पलट गया।
खंडाला पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए जबकि सात लोगों को मामूली चोटें आईं हैं। उन्होंने बताया कि घायलों को सतारा के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।