"बुलडोजर के भय से अराजकता फैला रही है योगी सरकार", अखिलेश यादव का यूपी की भाजपा सरकार पर हमला

By आशीष कुमार पाण्डेय | Published: August 13, 2023 06:36 AM2023-08-13T06:36:51+5:302023-08-13T06:41:54+5:30

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ की भारतीय जनता पार्टी की सरकार बुलडोजर के जरिये जनता के बीच अराजक माहौल पैदा कर रही है।

"Yogi government is spreading anarchy due to the fear of bulldozers", Akhilesh Yadav attacks the BJP government of UP | "बुलडोजर के भय से अराजकता फैला रही है योगी सरकार", अखिलेश यादव का यूपी की भाजपा सरकार पर हमला

फाइल फोटो

Highlightsअखिलेश यादव ने योगी सरकार पर बुलडोजर के जरिये अराजक राजनीति करने का आरोप लगायासपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा भाजपा "अनैतिक राजनीति" से चुनाव को प्रभावित करती हैयूपी में अन्याय, अत्याचार, महंगाई और भ्रष्टाचार चरम पर है, भाजपा हारेगी लोकसभा की 80 सीटें

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बीते शनिवार को आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ की भारतीय जनता पार्टी की सरकार बुलडोजर के जरिये जनता के बीच अराजक माहौल पैदा कर रही है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा पर "अनैतिक राजनीति" के माध्यम से चुनाव को प्रभावित करने और उत्तर प्रदेश की जनता के बीच भय का माहौल पैदा करने के आरोप लगाया।

सूबे की राजधानी लखनऊ में स्थित समाजवादी पार्टी के मुख्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा, "उत्तर प्रदेश में अन्याय, अत्याचार, महंगाई और भ्रष्टाचार चरम पर है। सपा कार्यकर्ताओं को इसका जमकर विरोध करना है और जनता को इस शासन के प्रति जागरूक करना है।"

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने इस बात का दावा किया कि यूपी में समाज का हर वर्ग बुलडोजर की प्रताड़ना, अन्याय, अत्याचार, महंगाई और भ्रष्टाचार से पीड़ित है और आने वाले लोकसभा चुनाव में यही कारण भाजपा उत्तर प्रदेश की सभी 80 सीटों पर हराने की वजह बनेंगे।

अखिलेश यादव ने कहा, "यूपी ही पूरे देश में भाजपा सत्ता का दुरुपयोग कर रही है और संविधान के साथ-साथ देश के लोकतंत्र को कमजोर कर रही है। भाजपा अपने अनैतिक राजनीति के माध्यम से चुनावों को प्रभावित करती है और सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल करती है।"

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा लोगों के बीच "गलतफहमी पैदा करके और उन्हें लड़ाकर देश की एकता और अखंडता को खत्म करनी चाहती है। भाजपा की कोशिश है कि यह समाज आपस में बंट जाए और इसके लिए वह 'फूट डालो-राज करो' की ब्रिटिश नीति का पालन कर रही है।

अखिलेश यादव ने कहा, "आज इस देश में भाजपा के कारण संविधान खतरे में है। अभिव्यक्ति की आजादी को बुलडोजर के जरिये पूरे देश में कुचलने का काम किया जा रहा है और उत्तर प्रदेश में तो भाजपा सरकार ने बुलडोजर चलाकर अराजक स्थिति पैदा कर दी है।"

समाजवादी पार्टी प्रमुख ने कहा, "बुलडोजर को अन्याय का प्रतीक नहीं बनना चाहिए। क्या डबल इंजन वाले मणिपुर में कोई बुलडोजर नहीं है?" (समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)

Web Title: "Yogi government is spreading anarchy due to the fear of bulldozers", Akhilesh Yadav attacks the BJP government of UP

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे