यूपी चुनाव: समाजवादी पार्टी ने कहा- 100 सीटों पर अंतर 500 वोटों के करीब, सतर्क रहें कार्यकर्ता

By विनीत कुमार | Published: March 10, 2022 01:23 PM2022-03-10T13:23:47+5:302022-03-10T13:33:58+5:30

UP Election Result 2022: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के नतीजे आज आ रहे हैं। मतों की गिनती जारी है और भाजपा रूझानों में बहुमत के आंकड़े से काफी आगे नजर आ रही है। हालांकि समाजवादी पार्टी ने अभी भी अपने कार्यकर्ताओं को सतर्क रहने की हिदायत दी है।

UP Election Result 2022: Samajwadi Party says at 100 seats difference is close to 500 votes | यूपी चुनाव: समाजवादी पार्टी ने कहा- 100 सीटों पर अंतर 500 वोटों के करीब, सतर्क रहें कार्यकर्ता

समाजवादी पार्टी ने कार्यकर्ताओं को सतर्क रहने को कहा (फाइल फोटो)

Highlightsयूपी में एक बार फिर भाजपा की सरकार बनने के आसार, रूझानों में 250 से ज्यादा सीटों पर आगे।समाजवादी पार्टी ने हालांकि अपने कार्यकर्ताओं को अभी भी सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।समाजवादी पार्टी का कहना है कि करीब 100 सीटों पर वोटों का अंतर 500 के आसपास है।

लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के आ रहे नतीजों के बीच समाजवादी पार्टी ने बड़ा दावा किया है। सपा ने ट्वीट कर अपने कार्यकर्ताओं को अभी भी मतगणना स्थल पर सतर्कता बनाए रखने को कहा है। सपा की ओर से कहा गया कि अभी भी रूझानों में 100 सीटों पर 500 वोटों अंतर है।

समाजवादी पार्टी ने ट्वीट किया, 'उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों के रुझानों में 100 सीटों का अंतर 500 वोटों के करीब है। समाजवादी पार्टी गठबंधन के कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों एवं नेताओं से अपील है कि वो सतर्कता बनाए रखें।'

गौरतलब है कि अभी तक के आए रूझानों में भाजपा बड़े बहुमत के साथ एक बार फिर राज्य में सरकार बनाती नजर आ रही है। फिलहाल दोपहर 1.20 बजे तक चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबित 403 विधानसभा सीटों वाले यूपी में भाजपा अकेले 258 सीटों पर आगे है। वहीं, समाजवादी पार्टी 112 सीटों पर आगे चल रही है। कांग्रेस दो सीटों पर आगे है। जबकि बसपा भी दो सीटों पर आगे चल रही है। 

यूपी में सरकार बनाने के लिए बहुमत का आंकड़ा 202 है। माना जा रहा है कि अगले कुछ घंटों में नतीजों को लेकर तस्वीर और साफ हो जाएगी। इस बीच बताते चलें कि करहल सीट से सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव अपने प्रतिद्वंदी भाजपा के एसपी सिंह बघेल से 20 हजार से ज्यादा मतों से आगे चल रहे हैं। वहीं, चुनाव से ऐन पहले भाजपा से बगावत कर सपा में शामिल हुए पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य फाजिल नगर सीट से भाजपा उम्मीदवार सुरेंद्र कुमार कुशवाहा से 10 हजार से अधिक मतों से पीछे हैं।

भाजपा के लिए काफी प्रतिष्ठा की सीट मानी जाने वाली अयोध्या से भाजपा उम्मीदवार वेद प्रकाश सपा के तेज नारायण पांडे से लगभग 9000 मतों से आगे चल रहे हैं। वहीं, सपा के वरिष्ठ नेता आजम खान रामपुर सदर सीट से फिलहाल आगे चल रहे हैं। आजम खान के बेटे अब्दुल्लाह आजम भी स्वार टांडा सीट से आगे चल रहे हैं।

Web Title: UP Election Result 2022: Samajwadi Party says at 100 seats difference is close to 500 votes

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे