चेन्नईः कांग्रेस-द्रमुक संबंधों में किसी भी तरह की दरार से इनकार करते हुए तमिलनाडु कांग्रेस कमेटी के प्रमुख के. सेल्वापेरुंथगई ने शुक्रवार को कहा कि दोनों पार्टियां एक सप्ताह में सीट बंटवारे को लेकर बातचीत शुरू करेंगी। उन्होंने भरोसा जताया कि सीट बंटवारे पर द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के साथ बातचीत के दौरान उनकी पार्टी को अपेक्षित संख्या में सीट मिलेंगी। कांग्रेस के नेता इस बार 25 पर नहीं मान रहे हैं। सूत्रों ने कहा कि 40 सीट पर बात बनेंगी। तमिलनाडु में कुल विधानसभा सीटों की संख्या 234 हैं।
सेल्वापेरुंथगई ने यहां से लगभग 45 किलोमीटर दूर तिरुवल्लूर में पत्रकारों से कहा, ‘‘हम अपने सहयोगी पर दबाव नहीं डाल रहे हैं। हम उनसे इच्छित सीट की मांग करेंगे और उम्मीद है कि द्रमुक हमारी इच्छा के मुताबिक सीट देगी।’’ हाल में राष्ट्रीय राजधानी में द्रमुक की उप महासचिव कनिमोई और कांग्रेस नेता राहुल गांधी की मुलाकात के बारे में टीएनसीसी प्रमुख ने कहा, ‘‘हम बातचीत कर रहे हैं।
हम लगभग एक सप्ताह में फिर से बातचीत शुरू करेंगे।’’ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) महासचिव एडप्पडी के. पलानीस्वामी की मुलाकात पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘उस मुलाकात के विपरीत, कनिमोई की नेता के साथ मुलाकात गरिमामय थी।’’ द्रमुक ने 2021 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को 25 सीट दी थी और कांग्रेस ने 18 सीट पर जीत हासिल की।