Heatwave: 18-20 मई के दौरान गंभीर लू चलने की संभावना, दिल्ली में तापमान 45 डिग्री तक जा सकता है, इन बातों का ध्यान रखें
By शिवेन्द्र कुमार राय | Published: May 17, 2024 04:30 PM2024-05-17T16:30:51+5:302024-05-17T16:33:39+5:30
राष्ट्रीय राजधानी में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। मौसम विभाग ने कहा है कि शुक्रवार से सोमवार तक तापमान 40 डिग्री सेल्सियस को पार करने की उम्मीद है। साथ ही दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और पश्चिम राजस्थान के कुछ हिस्सों में "गंभीर लू की स्थिति" देखी जा सकती है।

(प्रतीकात्मक तस्वीर)
Severe heatwave in North India: देश में मौसम का मिजाज बदल रहा है। उत्तर भारत जहां भीषण लू की चपेट में है वहीं कई भागों में बारिश हो रही है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार गले कुछ दिनों में कई उत्तर भारतीय राज्यों में गंभीर गर्मी की स्थिति रहेगी। इस दौरान गर्म हवाएं चलेंगी। दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
आईएमडी के अनुसार, उत्तर पश्चिम भारत में अगले पांच दिनों तक उमस भरी स्थिति रहेगी। मौसम एजेंसी के अनुसार पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में 17-20 मई के दौरान लू चलने की संभावना है। वहीं पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में 18-20 मई के दौरान गंभीर लू चलने की संभावना है।
राष्ट्रीय राजधानी में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। मौसम विभाग ने कहा है कि शुक्रवार से सोमवार तक तापमान 40 डिग्री सेल्सियस को पार करने की उम्मीद है। साथ ही दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और पश्चिम राजस्थान के कुछ हिस्सों में "गंभीर लू की स्थिति" देखी जा सकती है।
बता दें कि भीषण गर्मी में हीटस्ट्रोक का खतरा बढ़ जाता है। जब शरीर का मुख्य तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बढ़ जाता है और आंतरिक अंगों में रक्त का प्रवाह प्रतिबंधित हो जाता है तब एक बेहद मुश्किल स्थिति पैदा हो जाती है। हीटस्ट्रोक या लू के कहर से जान भी जा सकती है। ऐसे में ये जानना बेहद जरूरी है कि इस दौरान क्या सावधानियां बरतनी चाहिए।
इन बातों का ध्यान रखें..
नियमित अंतराल पर पानी, छांछ, ओ.आर.एस. का घोल या घर में बने पेय जैसे लस्सी, नीबू पानी, आम का पन्ना इत्यादि का सेवन करें।
बाज़ार में बिकने वाले कोल्ड ड्रिंक्स का सेवन ना करें।
चेहरे और शरीर पर सनस्क्रीम लगा कर बाहर निकलें।
यथा संभव दोपहर 12 से दोपहर 3 बजे के बीच धूप में बाहर निकलने से बचें।
धूप में निकलते समय अपना सिर ढक कर रखें।
कपड़े, टोपी अथवा छतरी का उपयोग करें।
धूप में निकलने के पहले तरल पदार्थ का सेवन करें।
शरीर में पानी की कमी न होने दें।
सूती, ढीले एवं आरामदायक कपड़े पहनें।
सुपाच्य भोजन करें।
ज्यादा प्रोटीन वाले भोजन तथा अल्कोहल, चाय, काफी जैसे पेय पदार्थ का उपयोग कम से कम करें।