लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 में भारतीय जनता पार्टी ने 255 सीटों पर जीत हासिल कर राज्य में सत्ता में शानदार वापसी की है। वहीं, समाजवादी पार्टी ने 111 सीटों पर जीत हासिल की है, जबकि साल 2017 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी ने 47 सीटों पर जीत हासिल की थी। फिलहाल, इस बार सपा और भाजपा के अलावा सहयोगी दल राष्ट्रीय लोकदल ने आठ सीटों तो सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) ने छह सीटों पर जीत हासिल की है। इस बीच यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर शिवसेना नेता संजय राउत का बयान सामने आया।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने शानदार जीत हासिल की। उत्तर प्रदेश उनका राज्य था, फिर भी अखिलेश यादव की सीटें तीन गुना बढ़ गई हैं, 42 से 125 से ज्यादा हो गई हैं। मायावती और असदुद्दीन ओवैसी ने भाजपा की जीत में योगदान दिया है, इसलिए उन्हें पद्म विभूषण, भारत रत्न दिया जाना चाहिए। उन्होंने आगे कहा, "भाजपा 4 राज्यों में जीती है, हमें परेशान होने की कोई बात नहीं है, हम आपकी खुशी का हिस्सा हैं। उत्तराखंड के सीएम क्यों हारे? गोवा में 2 उपमुख्यमंत्री हारे सबसे अधिक चिंता का विषय पंजाब है; भाजपा जैसी राष्ट्रवादी पार्टी को पंजाब में पूरी तरह खारिज कर दिया गया है।"
अपनी बात को जारी रखते हुए संजय राउत ने कहा, "प्रधानमंत्री, गृह मंत्री, रक्षा मंत्री सभी ने पंजाब में जबरदस्त प्रचार किया। फिर आप पंजाब में क्यों हारे? उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गोवा पहले से आपका था, जो ठीक है। लेकिन, आप उत्तर प्रदेश में कांग्रेस और शिवसेना की तुलना में पंजाब में अधिक हारे हैं। बता दें कि इस बार यूपी में हुए चुनाव में बहुजन समाज पार्टी और कांग्रेस का प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा। जहां मायावती की पार्टी बसपा एक सीट पर सिमट गई तो वहीं कांग्रेस के पाले में भी सिर्फ दो सीटें ही आईं।